मधुमक्खियों के हमले में स्कूली छात्रा सहित 7 घायल

Thursday, May 18, 2017 - 01:10 AM (IST)

भोरंज/भोटा: हमीरपुर जिला के बल्ली, शंभू व उझाण में मधुमक्खियों के हमले में एक बच्ची समेत 7 लोग घायल हो गए जबकि उनमें से एक व्यक्ति गंभीर हालत में है। जानकारी के अनुसार उपमंडल भोरंज के कस्बे बल्ली में बुधवार सुबह खेतों से घास लाने जा रहे 3 लोगों दुनी चंद, कश्मीर सिंह, रवि कुमार मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान दुनी चंद व  रवि ने भागकर जान बचाई जबकि कश्मीर सिंह को मधुमक्खियों ने बुरी तरह से घायल कर दिया, जिसका भोरंज अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दूसरी कक्षा की छात्रा को भी काटा
वहीं शंभू गांव की कक्षा दूसरी में पढऩे वाली वंशिका पुत्री राम प्रकाश पर भी स्कूल जाते समय मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिसे भोरंज अस्पताल में उपचार करवाने के बाद घर भेज दिया है। बी.एम.ओ. भोरंज डा. ललित कालिया ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल लोगों का उपचार चल रहा है तथा सभी खतरे से बाहर हैं। 

उझाण में 3 महिलाओं पर किया हमला
उधर, मोरसू सुल्तानी पंचायत के उझाण गांव में पशुओं को चारा लाने के लिए खेतों में गईं 3 महिलाओं लता देवी, विक्रमी देवी व प्रेमी देवी पर मधुमक्खियों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 10 बजे वे जैसे ही खेतों में घास काटने लगीं तो उन पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया तथा भोटा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।