हिमाचल में नशे के 7 सौदागर गिरफ्तार, 1.122 किलो चरस बरामद

Friday, Jan 20, 2017 - 01:36 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मंडी व कांगड़ा जिला में वीरवार को पुलिस ने 7 नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में मंडी जिला के अंतर्गत सुंदरनगर पुलिस ने वीरवार को एन.एच.-21 पर पुंघ में कार में सवार 3 युवकों को करीब 200 ग्राम चरस सहित हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने पुंघ में नाकाबंदी के दौरान मंडी से बिलासपुर की ओर जा रही एक कार (नं. एच.पी. 64बी.-0137) की जांच की तो कार में शिमला निवासी अक्षय शर्मा (22), सिरमौर निवासी सुरेंद्र कुमार (22) व सोलन निवासी पुलकित वर्मा (18) से 200 ग्राम चरस बरामद हुई। थाना प्रभारी लोकेंद्र नेगी ने कहा कि पुलिस ने युवकों के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है तथा शुक्रवार को आरोपी अदालत में पेश किए जाएंगे।

नशे की खेप सहित 4 काबू
दूसरे मामले में वीरवार को पुलिस ने 4 नशा तस्करों को नशे की खेप सहित पकड़ा है। जानकारी के अनुसार नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत पुलिस ने कुल्लू निवासी 2 व्यक्तियों से 900 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार निवासी सैंज कुल्लू और जीवन कुमार निवासी कलूणी कुल्लू के रूप में हुई है। एक अन्य मामले में शाहपुर पुलिस ने 2 व्यक्तियों से 22.4 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपी शाहपुर के ही रहने वाले हैं। एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि उक्त चारों नशा तस्करों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।