छोटी सी उम्र में देवभूमि के इस बच्चे ने अपने ''खास Talent'' के कारण YouTube पर मचाया धमाल

Friday, Dec 28, 2018 - 10:53 AM (IST)

शिमला:हिमाचल प्रदेश का 6 वर्षीय ड्रमर द्रोण चंदेल अपनी प्रतिभा से खूब धमाल मचाए हुए है। ड्रम बजाने के हुनर के दम पर आज द्रोण चंदेल देशभर में काफी नाम कमा चुका है। अभी तक दर्जनों शोज में अपनी ड्रम बजाने की कला से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने वाले द्रोण को गुजरात के वड़ोदरा में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिला है। रोलिक एंटरटेनमैंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले आयोजित होने वाले शो में द्रोण अपनी प्रस्तुति देगा। यह शो अगले महीने आयोजित होगा।

अभी तक 25 स्टेज परफॉर्मैंस दे चुका

द्रोण शिमला के सेंट एडवर्ड्स स्कूल में पहली कक्षा का विद्यार्थी है और अभी तक जिसने भी द्रोण चंदेल की ड्रम बजाने की कला को देखा व सुना वह हैरत में पड़ गया क्योंकि इतनी कम उम्र में ड्रम बजाने की कला आना बहुत बड़ी बात है। द्रोण ने 5 वर्ष की उम्र में ही ड्रम बजाना शुरू कर दिया था। 5 वर्ष की उम्र में पहली बार द्रोण ने अपनी स्टेज प्रस्तुति दी थी। संभवतया इस उम्र में यह मुकाम हासिल करने वाला वह पहला ड्रमर है। अभी तक वह 25 स्टेज परफॉर्मैंस दे चुका है। अपनी इस प्रतिभा के दम पर आज द्रोण सोशल नैटवर्किंग साइट्स के अलावा यू-ट्यूब पर भी छाया हुआ है।

सिंगिंग का भी शौक

जिला शिमला के चौपाल निवासी धर्मेंद्र चंदेल के बेटे द्रोण चंदेल ने अपनी प्रतिभा से सभी को आकर्षित किया है और अब उसे कई ऑफर आ रहे हैं। द्रोण चंदेल के पिता धर्मेंद्र चंदेल बागवान हैं और अपने बेटे के हुनर पर उन्हें काफी गर्व है। धर्मेंद्र चंदेल ने बताया कि द्रोण पढ़ाई के साथ-साथ अन्य एक्टीविटीज में भी बढ़-चढ़कर भाग लेता है और उसे ड्रम बजाने के अलावा कैसियो बजाना, एक्टिंगव, सिंगिंग का भी शौक है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गेयटी थिएटर में आयोजित हुए कार्यक्रम हुनरबाज में द्रोण को गैस्ट परफॉर्मर के तौर पर आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि द्रोण तिरंगा कैम्पेन भारत से भी जुड़ा है। विशेषकर यू-ट्यूब व फेसबुक पर द्रोण चंदेल के ड्रम बजाते कई वीडियो शेयर हुए हैं।

 

kirti