निजामुद्दीन मरकज से कांगड़ा लौटे 6 लोग ट्रेस, कोरोना के संभावित लक्षण पर 3 किए आइसोलेट

Wednesday, Apr 01, 2020 - 09:21 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज/अजीज): दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात से 6 लोग जिला कांगड़ा में भी पहुंचे हैं। दिल्ली से कांगड़ा पहुंचने के बाद इन सभी को जिला प्रशासन ने होम क्वारंटाइन किया था। हाल ही में मरकज में शामिल कुछ लोगों में कोविड-19 के संक्रमण सामने आने तथा दिल्ली, तेलंगाना और तमिलनाडु में मरकज से लौटे लोगों की मौत के बाद कांगड़ा प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने बुधवार को दोबारा कांगड़ा से संबंध रखने वाले उक्त सभी लोगों की दोबारा से स्वास्थ्य जांच की है, जिसमें 3 लोगों में वायरस के संभावित लक्षणों को देखते हुए उन्हें आइसोलेशन में भर्ती किया गया है।

मंगलवार को जारी हुई थी हिमाचल लौटे17 लोगों की सूची

जानकारी के अनुसार दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के मरकज में रहने के बाद हिमाचल प्रदेश के तब्लीगी जमात के लोग सामने आए हैं। मंगलवार को मामला सामने आने के बाद हिमाचल से शामिल हुए 17 लोगों की सूची भी जारी की गई थी। बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ऐसे लोग सामने आए हैं। जिला कांगड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों इंदौरा तथा नूरपुर से भी 6 लोग चिन्हित किए गए हैं।

13 से 20 मार्च के बीच में दिल्ली से पहुंचे थे कांगड़ा

ये सभी 13 से 20 मार्च के बीच में दिल्ली से कांगड़ा पहुंचे थे। हालांकि कांगड़ा के बाहर से आने के चलते प्रशासन ने इन्हें होम क्वारंटाइन किया था लेकिन दिल्ली में निजामुद्दीन मरकज से जुड़े 9 लोगों की मौत तथा 24 में वायरस के संक्रमण के बाद कांगड़ा प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दोबारा से सभी 6 लोगों का बुधवार को स्वास्थ्य चैकअप करवाया है। इनमें से इंदौरा से संबंध रखने वाले 3 व्यक्तियों में कोविड-19 के संभावित लक्षण पाए गए हैं तथा प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीनों व्यक्तियों को आइसोलेशन में भर्ती कर दिया है।

इंदौरा के 4 तथा नूरपुर के 2 व्यक्ति चिन्हित

डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि निजामुद्दीन मरकज से जुड़े इंदौरा के 4 तथा नूरपुर के 2 व्यक्ति चिन्हित किए हैं। ये सभी 13 से 20 मार्च के बीच कांगड़ा पहुंचे थे तथा इन्हें होम क्वारंटाइन किया था। बुधवार को इनकी स्वास्थ्य जांच की गई तो इंदौरा के 3 व्यक्तियों में संभावित लक्षणों को देखते हुए उन्हें एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में भर्ती किया गया है।

Vijay