सुंदरनगर में भूस्खलन से मचा हाहाकार: मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत, सीएम सुक्खू ने जताया दुख
punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 10:53 AM (IST)

सुंदरनगर, (सोढी): मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर की ग्राम पंचायत चांबी के जंगमबाग गांव में मंगलवार शाम को भारी वर्षा के कारण पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला व उपमंडल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य आरंभ कर दिया। इस कार्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गईं तथा आवश्यक मशीनरी का प्रयोग किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य के दौरान मौजूद थे।
भूस्खलन से दो मकान (एक पक्का और एक कच्चा) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक पक्का मकान आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। इसके अलावा 2 स्कूटी और एक टाटा सूमो भी मलबे में दब गई। इस प्राकृतिक आपदा में 7 लोगों की जान गई है। सात लोगों में गांव जंगमबाग की 30 वर्षीय भारती पत्नी गुरप्रीत सिंह, 3 वर्षीय किरत पुत्री गुरप्रीत सिंह, 35 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र सरवजीत सिंह, 56 वर्षीय सुरेन्द्र कौर पत्नी सरवजीत सिंह, 70 वर्षीय शांति देवी पत्नी शिव चंद तथा तहसील सुंदरनगर के गांव डढयाल के 64 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र हेत राम, गांव खतरवाड़ के 25 वर्षीय राहुल पुत्र घनश्याम शामिल हैं।
एसडीएम ने बताया कि रैस्क्यू ऑप्रेशन पूरी रात चला और सभी 7गुमशुदा लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्हाेंने अपने साेशल मीडिया अकाऊंट पर लिखा है कि मंडी जिला के सुंदरनगर में पहाड़ के दरकने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में दो घर भी जमींदोज हो गए हैं। जिला प्रशासन से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।