इस खास मकसद के लिए अमित शाह सहित 6 भाजपा नेता करेंगे हिमाचल का दौरा

Saturday, Sep 09, 2017 - 11:08 PM (IST)

शिमला: आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा के 6 केंद्रीय नेता इस माह हिमाचल प्रदेश का दौरा करने वाले हैं। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का 22 सितम्बर को कांगड़ा में युवा हुंकार रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके अलावा 12 सितम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के शिमला में पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके अलावा 15, 18, 20 और 24 सितम्बर को भाजपा के केंद्रीय नेताओं का अलग-अलग स्थानों पर पत्रकार वार्ता करने का कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब तक कांगड़ा में अमित शाह और शिमला में संबित पात्रा के आने का कार्यक्रम तय हो चुका है जबकि अन्य नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। 

चंडीगढ़ में हुई बैठक में भी लिए महत्वपूर्ण निर्णय
सूत्रों के अनुसार पार्टी कोर गु्रप ने 2 दिन तक चंडीगढ़ में हुई बैठक में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिस पर शीघ्र ही अमल होगा। उल्लेखनीय है कि 7 और 8 सितम्बर को भाजपा कोर ग्रुप की चंडीगढ़ में बैठक हुई थी, जिसमें प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत के अलावा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया था। 

कांग्रेस को लडऩे दो और खुद आगे बढ़ो
सूत्रों के अनुसार भाजपा कोर गु्रप बैठक में प्रदेश कांग्रेस में जारी घमासान का मुद्दा भी छाया रहा। इस पर पार्टी नेताओं का कहना था कि कांग्रेस को लडऩे दो और खुद आगे बढ़ो की नीति पर काम करो। इसके अलावा कांग्रेस से यदि कोई नेता छिटक कर भाजपा में शामिल होता है तो उसके कद एवं क्षमता को ध्यान में रखकर ही उसे दायित्व सौंपा जाएगा। 

आर.एस.एस. का दखल बढ़ा
सूत्रों के अनुसार भाजपा में आर.एस.एस. का दखल बढ़ गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान जो भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने हैं, उसमें संघ की भूमिका अहम रहेगी। हालांकि संघ पर्दे के पीछे रहकर काम करेगा लेकिन उसकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इससे पहले राज्य में हुए चुनावों में संघ इतना सक्रिय नहीं था लेकिन इस बार हालात बदल चुके हैं। इसका लक्ष्य पार्टी की तरफ से तय मिशन 50 प्लस पर काम करना है।