अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के बीच 6 जगह हिमस्खलन

Saturday, Jan 09, 2021 - 05:44 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): मनाली-केलांग मार्ग पर शनिवार को जगह-जगह हिमस्खलन हुआ, जिससे बीआरओ सहित राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के बीच लगभग 6 जगह हिमस्खलन हुआ। हालांकि बीआरओ दिन भर सड़क को बहाल करने में जुटा रहा लेकिन राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे के बीच छुरपक से मूलिंग पुल के बीच 2 जगह हिमस्खलन हुआ। बीआरओ अभी हिमस्खलन को हटा ही रहा था कि मूलिंग पुल से दालंग मैदान के बीच फिर से हिमस्खलन हो गया।

मनाली-केलांग मार्ग 4 व्हील ड्राइव वाहनों के लिए बहाल

मनाली-केलांग मार्ग को बीआरओ ने 4 व्हील ड्राइव वाहनों के लिए कल ही बहाल कर दिया था। हालांकि आम लोगों को आने-जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन आपात स्थिति में आने-जाने वाले लोग प्रशासन की अनुमति से अटल टनल होते हुए जा रहे हैं। मनाली की ओर से 4 व्हील ड्राइव 6 वाहन जबकि लाहौल की ओर से 8 वाहन अटल टनल पार कर मनाली पहुंचे। लाहौल में बर्फबारी से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन अब पटरी पर लौटने लगा है। हालांकि हिमस्खलन की आशंका को लेकर प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है लेकिन अब लोग धीरे-धीरे घरों से बाहर निकलने लगे हैं।

सड़क पर पानी जमने से सफर हुआ जोखिम भरा

अटल टनल आर-पार करने वाले वाहन चालकों दावा कारपा, टशी, छेरिंग व समपेल बोध ने बताया कि बीआरओ के सड़क बहाल करने से सफर आरामदायक हो गया है लेकिन सुबह-शाम सड़क पर पानी जमने से वाहन चलाना जोखिम भरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि जगह-जगह हिमस्खलन होने से बीआरओ सहित वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं 38 बीआरटीएफ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि शनिवार को दिन भर जगह-जगह हिमस्खलन होता रहा। उन्होंने बताया कि बीआरओ सड़क बहाल रखने का हरसंभव प्रयास कर रहा है।

Vijay