पुलिस की बड़ी सफलता, चरस और हैरोइन के साथ 6 गिरफ्तार

Wednesday, Apr 24, 2019 - 10:27 PM (IST)

कुल्लू: पुलिस ने बुधवार को 6 लोगों को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पहले मामले में बजौरा में हाट के समीप पुलिस के एक दल ने नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पैदल आ रहे एक युवक को पूछताछ के लिए रोका तो उसके चेहरा लाल हो गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 821 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस उसे गिरफ्तार कर भुंतर थाना लेकर आई है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग की नारकोटिक्स यूनिट कुल्लू ने की है। आरोपी की पहचान राहुल कौशल (23) पुत्र फतेह चंद देऊधार कुल्लू के रूप में हुई है।

31 ग्राम हैरोइन के साथ 5 को दबोचा

दूसरे मामले में पतलीकूहल पुलिस ने एक व्यक्ति को बनौण मोड़ पर 22 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पैदल जा रहा था और इस दौरान पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रोका। इस दौरान उसके कब्जे से हैरोइन बरामद हुई। तीसरे मामले में भुंतर में पुलिस ने मंडी के 4 लोगों को 9 ग्राम हैरोइन के साथ दबोचा। इन चारों आरोपियों की पहचान खुशहाल पुत्र जदेश कुमार निवासी मंडी, शशिकांत पुत्र तुलसी राम, सूरज वर्मा पुत्र बलदेव सिंह और सूर्यकांत पुत्र तुलसी राम सभी निवासी सरकाघाट के रूप में हुई है।

कोर्ट में पेश किए जाएंगे आरोपी

एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री ने उक्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने नशे की खेप कहां से लाई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।

Vijay