शाहपुर में 55 साल की महिला से हैवानियत, रेप के बाद पत्थर मारकर हत्या (Video)

Thursday, Mar 15, 2018 - 02:44 PM (IST)

शाहपुर (जिनेश): कांगड़ा के शाहपुर के साथ लगते रेहलू गांव में एक हैवानियत की हद पार किए जाने का मामला सामने आया है। जहां एक अधेड़ महिला की रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आखिर महिला की इस तरह बेरहमी से हत्या क्यों की गई, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।


जानकारी के मुताबिक स्थानीय पंचायत प्रधान का कहना है कि महिला की उम्र करीब 55 साल है। वह बुधवार शाम करीब 4 बजे झाड़ू बनाने के लिए थंबा के जंगल में पत्ते तोड़ने के लिए आई थी। घटना छह बजे के करीब हुई। 


पंचायत प्रधान ने बताया कि रात करीब 12 बजे उन्हें इस मामले की जानकारी मिली तो तुरंत उन्होंने पुलिस को फोन किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने महिला के शरीर पर चोट के निशान देखे। आशंका है कि सिर पर पत्थर मारने से हत्या की गई है। उधर, एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि पुलिस ने धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पूरा पता चल पाएगा।