50वीं हिमाचल पुलिस स्पोर्ट्स मीट शुरू, राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया शुभारम्भ

Saturday, Nov 10, 2018 - 02:01 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश) : राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने 50वीं हिमाचल प्रदेश पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ पुलिस मैदान धर्मशाला में किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के पुलिस खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस महिला व पुरुष जवानों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। उन्होंने दिखाया कि जवान सुरक्षा के अलावा अन्य गतिविधियों में भी आगे रहते हैं। इस मोके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि खेलों से तनाव कम होता है और भाईचारा बढ़ता है। खेलो से स्वास्थ्य को भी लाभ होता है व कर्तव्य का बोध होता है। खेल हमारे जीवन मे महत्वपूर्ण योगदान देता है।

तनाव मुक्त रहने के लिए खेल प्रतियोगिताएं जरुरी

राज्यपाल ने कहा कि पुलिस कर्मी अक्सर तनाव में रहते हैं और इस खेल प्रतियोगिताओं के जरिए पुलिस कर्मी तनाव मुक्त हो पाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस के जवान खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई राष्ट्रीय पदक भी जीत चुके हैं। इससे पुलिस जवानों का उत्साह बढ़ता है और देशभर में हिमाचल का नाम भी बनता है । इसी कड़ी में धर्मशाला में भी इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है।

2000 किसानों ने अपनाई जीरो बजट खेती

राज्यपाल ने अपने जीरो बजट खेती अभियान पर कहा कि अब तक 2000 किसान ट्रेनर तैयार किए जा चुके हैं , जो पंचायत स्तर पर जाकर अपना मॉडल तैयार कर रहे हैं। यही किसान आगे जाकर अपने गांव में जीरो बजट खेती और किसान तक पहुंचाने का काम करेंगे। राज्यपाल ने कहा कि इस कार्य में प्रदेश सरकार भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में विभिन्न प्रकार की खेती से जुड़े लोगों के कारोबार प्रभावित ना हो और किसी तरह का विरोधाभास ना हो इसके लिए जीरो बजट खेती को विशेष योजना के तहत गांव तक पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है।

Jinesh Kumar