मालरोड मनाली पर पारंपरिक वेशभूषा में 500 महिलाओं ने डाली नाटी

Sunday, Jan 05, 2020 - 11:33 PM (IST)

मनाली (सोनू): मालरोड मनाली में उस समय धमाल मच गया जब पारंपरिक वेशभूषा में सजीं एक साथ 500 महिलाएं मालरोड पर उतरीं। यह सब देख पर्यटक भी खुश हो उठे। देखते ही देखते मालरोड मनाली वाद्य यंत्रों से गूंज उठा। एक साथ थिरके 500 महिलाओं के कदमों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पारंपरिक कुल्लवी नाटी प्रतियोगिता राष्ट्र स्तरीय कार्निवाल के चौथे दिन मालरोड में आकर्षण का केंद्र रही।

नग्गर खंड के राइट बैंक साइट के 47 महिला मंडलों की लगभग 500 महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में काले रंग के पट्टू संग भाग लिया। लगभग एक घंटे तक महिलाओं के कदम मालरोड मनाली में थिरकते रहे। काॢनवाल के दूसरे दिन पहला राऊंड आयोजित किया गया था, जिसमें लैंफ्ट बैंक की महिलाओं ने पारंपरिक सफेद परिधानों में भाग लिया था। आज दूसरे राऊंड में लगभग एक घंटे तक चली इस प्रतियोगिता ने मालरोड में खूब समां बांधा।

नाटी में महिला मंडलों शनाग, मालीपथर रायसन, नसोगी, बराण, डेफरी, सुमली, 18 मील, बलसारी, फोजल, रूंगा, डूंगरी, मनाली, छियाल, बैंची, मनाली गांव, मलोगी, मझाच, नेरी, क्लाथ, गधेरनी, डोभा, पूजन, रियाडा, सिमसा, बराण, शलीगंचा, भाटग्रां, बंदरोल, नंगा बाग, गधेरनी, पनगां, कन्याल व शलीण सहित कुल 47 महिला मंडलों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता राइट बैंक और लैफ्ट बैंक की महिलाओं के बीच आयोजित हुई। बता दें कि पहले स्थान पर रहने वाली टीम को डेढ़ लाख, जबकि दूसरे स्थान में रहने वाली टीम को 1 लाख रुपए ईनाम दिया जाएगा।

इससे पहले प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने नाटी को हरी झंडी दी। उनके साथ नप मनाली की प्रधान विशेष तौर पर मौजूद रहीं। एसडीएम रमन घरसंगी ने कहा कि पर्यटकों के मनोरंजन और उन्हें कुल्लू की संस्कृति से रू-ब-रू करवाने के लिए मालरोड पर अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि काॢनवाल को सभी के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है।

Vijay