जाबली में 5 मंजिला मकान जमींदोज, लाखों का नुक्सान

Sunday, Jul 29, 2018 - 06:34 PM (IST)

कुमारसैन (नीरज): उपमंडल मुख्यालय कुमारसैन के निकट एन.एच.-5 पर जाबली में   शनिवार रात्रि एक पांच मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। एन.एच.-5 के किनारे मकान में निर्माण कार्य भी जारी था लेकिन गनीमत रही की हादसे में जानमाल का कोई नुक्सान नहीं हुआ है। पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि करीब साढ़े 12 बजे मकान अचानक भरभरा कर गिर गया तथा मकान का सारा मलबा नीचे नाले में जा गिरा, जिससे मकान मालिक हेम प्रकाश को करीब 50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।


मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस

मकान मालिक हेम प्रकाश पुत्र भगतराम कुमारसैन जाबली का बताया जा रहा है। वह किंगल में दुकान करता है और हाल ही में वह इस मकान को बना रहा था जोकि शनिवार रात्रि पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। रात को हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, फायर स्टेशन की टीम कुमारसैन द्वारा सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें मकान मे कोई व्यक्ति नहीं पाया गया। गौरतलब है कि पिछले 3 दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश भी जारी रही है। डी.एस.पी. रामपुर अभिमन्यु ने बताया कि मकान निर्माणाधीन था जिसमें कोई भी नहीं रहता था। शनिवार देर रात को ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल मे लाई जा रही है।


प्रशासन की ओर से 10 हजार की राहत राशि जारी
उधर, प्रशासन की ओर से तहसीलदार कुमारसैन आत्माराम नेगी ने कहा कि उक्त व्यक्ति को 10 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन प्रभावित परिवार की हरसंभव सहायता करेगा। नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।

Vijay