6 डॉक्टरों के सहारे 5 PHC व 2 CHC, मरीज परेशान

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 12:55 PM (IST)

मानपुरा: सोलन के मानपुरा के चंडी ब्लॉक के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं। इस ब्लॉक के तहत पड़ते 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व 2 सी.एच.सी. में 15 डाक्टरों की जरूरत है, लेकिन मात्र 6 डॉक्टर ही यहां तैनात हैं। इनमें से एक डाक्टर चंडी व हरिपुर में देर रात सेवा में तैनात रहता है। नालागढ़ ब्लॉक के तहत सी.एच.सी. बद्दी में 5 डॉक्टर तैनात हैं। स्थानीय लोगों आशीष शर्मा, प्रधान बलवंत ठाकुर, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के प्रधान राम रतन, उपप्रधान हितेंद्र शर्मा, बी.बी.एन. ट्रक यूनियन के प्रधान भाग सिंह, राजेश, रमेश, हंसराज कैंथ व अन्य लोगों का कहना है कि चंडी ब्लॉक के तहत पट्टा, कोटबेजा, हरिपुर, कुठाड़ व धारड़ी में 5 पी.एच.सी. हैं, जबकि चंडी व बरोटीवाला में 2 सी.एच.सी. हैं। यहां पूरे ब्लॉक के लिए मात्र 6 डाक्टर हैं। इनमें से 2 डाक्टर हमेशा रात्रि ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इसके चलते मरीजों को फार्मासिस्टों व नर्सों से ही अपना इलाज करवाना पड़ रहा है। 

देर रात ड्यूटी पर चंडी ब्लॉक के डॉक्टर

सी.एच.सी. बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र में होने के चलते यहां हमेशा मरीजों की संख्या अधिक रहती है। हैरानी की बात है कि स्वास्थ्य विभाग ने यहां एक ही डॉक्टर की तैनाती की हुई है व उसे भी रात्रि ड्यूटी पर लगा दिया जाता है। नालागढ़ ब्लॉक में डॉक्टरों की भरमार है, बावजूद इसके रात्रि ड्यूटी पर चंडी ब्लॉक के डॉक्टरों को ही लगाया जाता है। लोगों का कहना है कि सी.एम.ओ. सोलन को इसके बारे में कई बार अवगत करवाया गया है परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई। बी.एम.ओ. चंडी डा. संगीता का कहना है कि चंडी ब्लॉक में मात्र 6 डाक्टर हैं जबकि यहां 12 डाक्टरों की जरूरत है। डॉक्टरों की कमी के बावजूद 2 को रात्रि ड्यूटी भी देनी पड़ती है। इसके चलते कई बार कुछ स्वास्थ्य केेंद्रों में डाक्टर नहीं पहुंच पाते हैं। सरकार व उच्चाधिकारियों को परिस्थिति से अवगत करवाया गया है व जल्द ही डाक्टरों के तैनात होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News