5 महीने बाद इस पर्यटन स्थल पर लौटी रौनक, बर्फ में सैलानी कर रहे अठखेलियां

Thursday, May 18, 2017 - 03:50 PM (IST)

मनाली: कई दिनों से बर्फ के दीदार को गुलाबा की पहाड़ियों में भटकने वाले स्वदेशी-विदेशी पर्यटकों की चाह आखिर बुधवार को पूरी हो गई। अब देशभर के पर्यटक ऑनलाइन परमिट लेकर रोहतांग का रुख कर सकते हैं। प्रशासन ने अपनी साइट को खोल दिया है। हर रोज 400 डीजल और 800 पैट्रोल वाहन रोहतांग के मढ़ी जा सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने मंगलवार रात 12 बजे साइट के खुलने की घोषणा की थी लेकिन तकनीक खराबी के चलते बुधवार सुबह 10 बजे साइट खुली। साइट के खुलते ही 1 घंटे के भीतर 1,200 वाहनों के ऑनलाइन परमिट प्राप्त कर लिए गए।


इन वादियों में बर्फ की खेलों का भी आनंद उठा सकेंगे सैलानी
प्रशासन ने एन.जी.टी. के आदेशानुसार परमिट प्राप्त करने को 550 रुपए फीस रखी है, जिसे ऑनलाइन ही जमा करना पड़ रहा है। मढ़ी के बहाल होते ही बर्फ की साहसिक पर्यटन गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। पर्यटन विभाग ने एन.जी.टी. के आदेशानुसार मढ़ी और  आसपास के क्षेत्रों को घुड़सवारी, पैराग्लाइडिंग, कुल्लवी ड्रैस, माऊंटेन बाइक, फोटोग्राफी और स्नो स्कूटर के लिए जगह चिन्हित की है। अब सैलानी इन वादियों में बर्फ की खेलों का भी आनंद उठा सकेंगे। पर्यटकों के पहुंचते ही यह स्थल सैलानियों से चहक उठा है। 5 महीने के बाद यहां रौनक लौटी है। यहां संचालकों ने भी अपने ढाबे खोलने शुरू कर दिए हैं। एस.डी.एम. मनाली हेमराज बैरवा ने बताया कि प्रशासन ने रोहतांग के पर्यटन स्थल मढ़ी को पर्यटकों के लिए खोल दिया है।


अधिक दाम वसूले तो होगी कड़ी कार्रवाई
मनाली के एस.डी.एम. हेमराज बैरवा ने रोहतांग दर्रा भी 4 दिनों के भीतर सैलानियों के लिए बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन परमिट प्राप्त करने के लिए साइट भी खोल दी गई है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक सैलानियों से निर्धारित किराया ही वसूलें अगर उनके पास निर्धारित दर से अधिक दाम वसूलने की शिकायत आती है तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पर्यटन विभाग द्वारा सभी पर्यटन गतिविधियों के दाम निर्धारित किए गए हैं। लोग निर्धारित दाम ही पर्यटकों से लें अन्यथा उनके लाइसैंस रद्द कर दिए जाएंगे। टैक्सीसी यूनियन के प्रधान राज कुमार डोगरा ने कहा कि सैलानियों को बेहतरीन सेवाएं देने के प्रयास किए जाएंगे।