चम्बा में 17 मामलों के साथ हिमाचल में कोरोना के 47 नए मामले, 53 लोग हुए ठीक

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2020 - 10:46 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में बुधवार को 7 जिलों में कोरोना के 47 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से सबसे अधिक चम्बा में 17, सोलन में 8, ऊना व सिरमौर में 6-6, कांगड़ा व हमीरपुर में 4-4 और शिमला में 2 मामले सामने आए हैं। वहीं प्रदेश में आज 52 लोग ठीक हुए हैं। इनमें सबसे अधिक सिरमौर में 25, मंडी व ऊना में 7-7, कांगड़ा में 6, सोलन में 4, चम्बा में 3 व शिमला में 1 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 2916 पहुंच गया है जबकि एक्टिव केस 1114 हो गए हैं।

चम्बा में धड़ोग मोहल्ले के 16 लोगों सहित 17 पॉजिटिव

चम्बा में एक साथ 17 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 10 पुरुष जिनकी उम्र 13 से लेकिर 70 वर्ष के बीज है जबकि 7 महिलाएं जिनकी उम्र 20 से लेकर 54 वर्ष के बीच है। इनमें से 16 लोग धड़ोग मोहल्ले के पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी पहले पॉजिटिव पाए गए एक बुजुर्ग के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा चमड़ोली गांव का 47 वर्षीय व्यक्ति भी पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। यह व्यक्ति होम क्वारंटाइन में था।

सोलन में 8, सिरमौर में 6 नए केस

सोलन जिला में 8 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 6 लोग अर्की क्षेत्र में पॉजिटिव पाए गए हैं। ये लोग पहले पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं जबकि 2 मामले बीबीएन क्षेत्र के हैं। ये दोनों कामगार हैं। सिरमौर जिला में आए 6 मामले पांवटा साहिब क्षेत्र के हैं। इनमें 19 से 28 साल के बीच के 4 पुरुष और 28 साल और 35 साल की 2 महिलाएं शामिल हैं। बता दें कि जिला में पैंडिंग और नए 177 सैंपल व 17 रिपीट मामलों से आज 152 की रिपोर्ट नैगेगिटव आई है जबकि 6 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आज के 19 नए और 17 रिपीट मामलों की जांच की जा रही है।

कांगड़ा व हमीरपुर में 4-4 नए केस

कांगड़ा जिला में सामने आए 4 मामलों में एक आर्मी का जवान भी शामिल है। जानकारी के अनुसार मुंबई से लौटा डाडासीबा के रोडिगुड़ी का 22 वर्षीय युवक, वैस्ट बंगाल से लौटा शाहपुर के वोह गांव का 22 वर्षीय युवक, पॉजिटिव व्यक्ति का प्राइमरी संपर्क गांव गगलोई नजदीक मझीन का 25 वर्षीय युवक, लेह से लौटा 33 वर्षीय आर्मी का जवान पॉजिटिव पाया गया है। हमीरपुर जिला में पिता-पुत्र समेत कोरोना संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए हैं। इनमें  जालंधर से लौटे तहसील हमीरपुर के गांव जिवीं, डाकघर चमनेड़ के 41 वर्षीय व्यक्ति और उसका 12 वर्षीय बेटा, सियाचिन से चंडीगढ़ होते हुए आया गांव लंबलू का 28 वर्षीय युवक, मुंबई से लौटा बड़सर के गांव अप्पर हड़ेटा का 29 वर्षीय व्यक्ति पॉजीटिव पाया गया है।

ऊना में मां-बेटी व 2 जवानों सहित 6 लोग करोना पॉजिटिव

ऊना जिला में बुधवार देर शाम 6 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें मां-बेटी व 2 सेना के जवान शामिल हैं। वहीं पहले से संक्रमित 10 में से 3 पॉजिटिव और 7 नैगेटिव रहे हैं। जानकारी के अनुसार हरोली उपमंडल के पंजावर की 40 वर्षीय महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर पॉजिटिव पाई गई हैं। ये दोनों होम क्वारंटाइन में थीं। तीसरा पॉजिटिव उत्तर प्रदेश से लौटा गगरेट उपमंडल के दौलतपुर चौक का 35 वर्षीय व्यक्ति है जोकि होम क्वारंटाइन में था। चौथा पॉजिटिव सियाचिन से लौटा गगरेट उपमंडल के पिरथीपुर का 27 वर्षीय सेना का जवान है जोकि इंस्टिच्यूशनल क्वारंटाइन में था। 5वां पॉजिटिव दिल्ली से लौटा अम्ब उपमंडल के धारु नैहरियां का निवासी 37 वर्षीय सेना का जवान है। ये भी इंस्टिच्यूशनल क्वारंटाइन में था। छठा पॉजिटिव 42 वर्षीय व्यक्ति बद्दी की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है, कोरोना के लक्षणों के चलते इसका सैंपल लिया गया था। यह क्षेत्रीय अस्पताल में आइसोलेट है। जिला में कुल संक्रमितों की संख्या 250 हो गई है जबकि 81 एक्टिव केस हैं।

शिमला में अकाऊंटैंट सहित 2 पॉजिटिव

शिमला जिला में भी 2 मामले सामने आए हैं। इनमें एक मामला ढली के दुर्गा मंदिर कालोनी का है। यहां मंदिर का अकांऊटैंट पॉजिटिव पाया गया है। इसकी ट्रेवल हिस्ट्री चंड़ीगढ़ की है। वहीं टिक्कर में एक 27 वर्षीय नेपाली पॉजिटिव पाया गया है। प्रशासन द्वारा इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News