मनमानी पर उतरा ठेकेदार, बिना सूचना के उद्योग से बाहर किए 45 कामगार

Friday, Feb 07, 2020 - 05:12 PM (IST)

मानपुरा (संजीव बस्सी): औद्योगिक क्षेत्र बुरांवाला में एक साबुन व शैंपू बनाने वाले उद्योग में कार्यरत 45 कामगारों को ठेकेदार ने बिना सूचना के गेट बंद कर उद्योग से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस पर गुस्साए कामगारों ने भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मेला राम चंदेल की अध्यक्षता में उद्योग व श्रम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। कामगारों प्रिय दर्शनी, सरला देवी, निर्मला देवी, देवेंद्र सिंह, चंदन कुमार, मोहिंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, राजीव कुमार, हरबंस कौर, अमरो देवी व लीलावती समेत अन्य कामगारों का कहना है कि हम लोग उक्त उद्योग में पिछले 4-5 वर्षों से काम कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह जब रोज की तरह वे अपने काम पर आए तो गेट पर ताला लटका पाया। उद्योग के सुरक्षा कर्मी ने कहा कि आप लोगों का गेट बंद है। आप उद्योग के अंदर नहीं जा सकते।

इसके बाद कामगार भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजु भारद्वाज के नेतृत्व में श्रम कार्यालय पहुंचे व उद्योग के प्रति शिकायत दी। यही नहीं कर्मचारियों ने श्रम कार्यालय के बाहर उद्योग प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी। मेला राम का कहना है कि उक्त उद्योग किसी बड़े उद्योग के लिए जोब वर्क करता है व यहां कामगारों को सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं दिया जा रहा है। ठेकेदार जब चाहे कामगारों को उद्योग से बाहर का रास्ता दिखा देता है।

उन्होंने कहा कि अगर निकाले गए कामगारों को जल्द उद्योग में वापस नहीं लिया गया तो भारतीय मजदूर संघ श्रम विभाग व उद्योग के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष रणजीत ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष नरेश कप्पा व हेमराज बिक्की समेत अनेक लोग उपस्थित थे। वहीं श्रम निरिक्षक कमल कुमार का कहना है कि कामगारों की शिकायत आई है। जल्द ही दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर मामले को सुलझाया जाएगा।

Vijay