सरकार की नालायकी से छिना वन विभाग का 400 करोड़ का प्रोजैक्ट : अग्निहोत्री

Friday, Nov 16, 2018 - 09:36 PM (IST)

ऊना: ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार पर ताबड़तोड़ हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नालायकी के चलते वन विभाग का 400 करोड़ का प्रोजैक्ट प्रदेश से छिन गया। उन्होंने कहा कि दिसम्बर में इस प्रोजैक्ट का एग्रीमैंट साइन होना था। यह प्रोजैक्ट अंतिम चरण में मंजूरी में था और इसके लिए एडवांस 16 करोड़ भी मिल चुका था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली जाकर 700 करोड़ का प्रोजैक्ट तो ले लिया लेकिन अंतिम चरण में पहुंच चुके वन विभाग के इस प्रोजैक्ट को नकार दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजैक्ट से 7 जिलों के लोगों को लाभ मिलना था। मुख्यमंत्री इस प्रोजैक्ट का सही पक्ष नहीं रख पाए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि इस प्रोजैक्ट पर पुनर्विचार कर इसे बहाल करवाया जाए।

नए हैलीकॉप्टर खरीदने की बात पर ली चुटकी
उन्होंने सरकार द्वारा नए हैलीकॉप्टर खरीदे जाने की बात पर चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उड़ने वाली सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि कभी 4 सीटर तो कभी 10 सीटर चौपर खरीदने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी सरकारी घोषणाएं होती हैं उनमें से एक घोषणा हैलीपैड की जरूर होती है। उन्होंने कहा कि सरकार को बने हुए करीब एक साल का समय होने वाला है तथा अब सरकार को यह शौक छोड़कर विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। 

Vijay