खेलते-खेलते बड़ा हादसा! पानी के टैंक में डूबने से 4 साल के बच्चे की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 10:49 AM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर घर के आंगन में बने पानी के टैंक में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर के आंगन में खेल रहा था बच्चा
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के कोटली उपमंडल के बरयारा गांव का है। मृतक की पहचान अरनव (4 वर्षीय), पुत्र जगदीश, निवासी बरयारा, तहसील कोटली के रूप में हुई है। अरनव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर को बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था। अरनव के माता-पिता अपने काम-काज में व्यस्त थे। काफी देर तक जब अरनव की कोई आवाज सुनाई नहीं दी, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। जब परिजन आंगन में बनी पानी की टंकी के पास पहुंचे, तो उसका ढक्कन खुला हुआ था। अंदर झांकने पर अरनव टंकी के पानी में अचेत अवस्था में मिला। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में पसरा मातम
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, इकलौते चिराग की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

