4 निलंबित पदाधिकारियों को बहाल किया: अभिषेक राणा

Friday, Aug 31, 2018 - 09:44 AM (IST)

सुजानपुर (अश्विनी): इंडियन यूथ कांग्रेस के सचिव व हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा गठित 3 सदस्य कमेटी की अनुशंसा के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस से निलंबित किए गए 4 पदाधिकारियों का निलंबन वापस ले लिया है और उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई है।

प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रवक्ता अभिषेक राणा ने पार्टी के सचिव एवं हिमाचल प्रदेश के प्रभारी अमित यादव व जगदेव गागा की ओर से जारी किए गए इन आदेशों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव यदुपति ठाकुर सहित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस के महासचिव सुभाष ठाकुर, घुमारवीं ब्लॉक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रवि ठाकुर व कुटलैहड़ ब्लॉक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सुमित शर्मा का निलंबन तत्काल प्रभाव से निरस्त करके उन्हें बहाल कर दिया गया है और पार्टी प्रभारी ने मीडिया के माध्यम से भी इसके बारे में विज्ञप्ति जारी करके सूचना का संप्रेषण करने के निर्देश दिए हैं। 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश युवा कांग्रेस से निलंबित पदाधिकारियों के मामले की छानबीन व तथ्यों की जांच के लिए एक 3 सदस्य कमेटी गठित की थी, जिसने अपनी रिपोर्ट में चारों पदाधिकारियों को बहाल करने की अनुशंसा की थी। इसके बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव अमित यादव व जगदेव गागा की ओर से इसके बारे में लिखित आदेश जारी किए गए हैं।

Ekta