कुल्लू में बनेंगी 4 स्वर्णिम वाटिकाएं : अनिल कुमार शर्मा

Thursday, Mar 18, 2021 - 09:44 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल के 50 साल पूरे होने पर स्वर्णिम हिमाचल उत्सव के मौके पर सालभर विभिन्न तरह के कार्यक्रमों को आयोजित किया जा रहा है। इनमें विभिन्न विभागों में स्वॢणम हिमाचल की थीम पर कई प्रकार की योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसके चलते वन विभाग द्वारा जिला में 4 स्वर्णिम वाटिकाओं का निर्माण किया जाएगा।

चारों विधानसभा क्षेत्रों में एक हैक्टेयर भूमि पर 2-2 लाख रुपए की राशि से स्वर्णिम वाटिका का निर्माण किया जाएगा ताकि स्वर्णिम वर्ष यादगार बना रहे और इसकी स्मृतियां याद दिलाती रहें। इसके लिए वन विभाग द्वारा सभी वन मंडलों में भूमि का चयन किया गया है। एक हैक्टेयर वन भूमि में बनाई जाने वाली स्वर्ण वाटिका हरी-भरी नजर आएगी और इसमें सजावटी पौधे और फूल लगाए जाएंगे, साथ ही लोगों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। जिसमें स्थानीय लोगों व पर्यटकों को घूमने-फिरने के लिए वॉकिंग ट्रेल बनाई जाएगी।

कुल्लू वन वृत्त के अरण्यपाल अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश सरकार ने वन विभाग के सौजन्य से जिला के हर विधानसभा क्षेत्र में 1-1 स्वर्णिम वाटिका का निर्माण करने का निर्णय लिया है। ये वाटिकाएं स्वर्णिम हिमाचल की याद दिलाती रहेंगी और साथ में लोगों के लिए सुकून के 2 पल बिताने और भ्रमण करने के लिए भी ये वाटिकाएं होंगी। इन वाटिकाओं के निर्माण के लिए जगह का चयन किया जा रहा है और जल्द ही इनका निर्माण शुरू किया जाएगा।

Content Writer

Vijay