लाहौल में ग्लेशियर गिरने से 4 ढाबे व बी.आर.ओ. का पुल तबाह

Sunday, Feb 10, 2019 - 10:52 PM (IST)

मनाली: लाहौल के गोशाल गांव के समीप ग्लेशियर गिरने से 4 ढाबे तबाह हो गए हैं। यह घटना रविवार सुबह पेश आई है। हालांकि घटना के दौरान यहां कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था लेकिन पहाड़ी से गिरे ग्लेशियर ने 4 ढाबों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है, जिसमें लाखों रुपए का नुक्सान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद जिला आपदा प्रबंधन की टीम सक्रिय हुई और घटना स्थल का जायजा लिया। उधर, लाहौल के उदयपुर से 28 किलोमीटर दूर धांदल नाले में ग्लेशियर गिरने से बी.आर.ओ. का पुल ध्वस्त हो गया है। प्रशासन को घटना की सूचना रविवार को मिली है। हालांकि यहां पर किसी भी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।

घटनास्थल पर पहुंचना अभी मुमकिन नहीं

एस.डी.एम. उदयपुर सुभाष गौतम ने बताया कि धांदल नाले में बी.आर.ओ. का पुल ग्लेशियर गिरने के कारण क्षतिग्रस्त होने की उन्हें सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बर्फ अधिक है, जिस कारण घटनास्थल पर अभी पहुंचना मुमकिन नहीं है, ऐसे में मौसम के पूरी तरह खुलने के बाद ही टीम वहां पर पहुंच पाएगी। लाहौल-स्पीति में ग्लेशियरों के गिरने का दौर लगातार जारी है, ऐसे में स्थानीय लोग जहां दहशत में हैं, वहीं प्रशासन ने भी जिला में अलर्ट जारी कर रखा है।

गोशाल गांव के समीप अभी भी ग्लेशियर गिरने की संभावना

रविवार सुबह मौसम भले ही साफ था लेकिन गोशाल गांव के समीप गिरे ग्लेशियर ने सबको डरा कर रख दिया है। अभी भी यहां पर ग्लेशियर गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही घाटी में जगह-जगह ग्लेशियर गिरने की संभावना बनी हुई है। उधर, डी.सी. लाहौल-स्पीति अश्विनी कुमार चौधरी का कहना है कि रविवार को आपदा प्रबंधन की टीम ने उन्हें सूचना दी है कि गोशाल गांव के समीप ग्लेशियर गिरा है। इस घटना में 4 ढाबे ग्लेशियर में दब गए हैं।  हालांकि ग्लेशियर के गिरने के इस घटना में किसी भी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षित स्थलों पर रहें।

Vijay