आशा वर्कर आत्महत्या केस में आया नया मोड़, पति सहित 4 गिरफ्तार

Thursday, May 27, 2021 - 11:56 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): आशा वर्कर आत्महत्या केस में अब नया मोड़ आ गया है। पार्वती घाटी के सरसाड़ी के समीप महिला की पार्वती नदी में लाश मिली थी। इस घटना के बाद महिला के मायका पक्ष के लोगों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके ससुराल वालों ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया है। दहेज के लिए भी महिला को प्रताडि़त कर रहे थे तभी महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। घटना के बाद महिला के पति सहित 4 नामजद आरोपी फरार चल रहे थे और उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय में अर्जी भी दाखिल की थी।

न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और अब आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। महिला की नदी में लाश मिलने के बाद उसी दिन पुलिस ने अग्निशमन विभाग की टीम की मदद से शव को निकालने का प्रयास किया था लेकिन नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण कामयाबी नहीं मिल पाई थी। इसके बाद अगले दिन सुबह नदी से शव को निकाला जा सका था। एसपी गौरव सिंह ने महिला के पति सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।

Content Writer

Vijay