महिला के खाते से निकले 32 लाख, बैंक प्रबंधन पर लगे गंभीर आरोप

Thursday, Apr 04, 2019 - 09:03 PM (IST)

कुल्लू: बंजार में एक महिला के खाते से 32 लाख रुपए की निकासी हो गई। महिला को इस बात का पता तक नहीं चला। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसने बैंक से अपने खाते से यह राशि नहीं निकाली है। ऐसे में उसके बैंक खाते से यह राशि कहां गई, इस संदर्भ में बैंक जवाब दे। महिला ने पुलिस थाना में शिकायत पत्र सौंपते हुए बैंक प्रबंधन को ही इसके लिए उत्तरदायी ठहराया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बागी पुजाली बंजार इलाके की महिला चंद्रावती ने यह शिकायत पत्र पुलिस को सौंपा है। खाते से 32 लाख रुपए गायब होने से महिला परेशान है। महिला ने बैंक प्रबंधन को घेरते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में बैंक के अधिकारियों को तलब किया जाएगा।

कहीं महिला किसी ऑनलाइन ठगी का तो नहीं हुई शिकार

उधर, पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन करेगी कि कहीं महिला किसी तरह की ऑनलाइन ठगी का शिकार तो नहीं हुई है। हो सकता है कि महिला को शातिरों ने फोन किया हो और उसका बैंक खाता नंबर सहित अन्य जानकारी हासिल करके उसके बैंक खाते से पैसे उड़ा लिए हों। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस इस प्रकरण की तह तक जाएगी। डी.एस.पी. हैडक्वार्टर आशीष शर्मा ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी रकम की निकासी आखिर बैंक खाते से कैसे हुई, इसका पता लगाया जाएगा। शातिरों द्वारा महिला को फोन करके उसे निशाना बनाए जाने के पहलू पर भी जांच होगी। बैंक कर्मियों से भी मामले में पूछताछ होगी और महिला के बैंक खाते को खंगाला जाएगा।

नजरअंदाज करें फर्जी कॉल्स व संदेश

कुछ दिन पहले भी बंजार का ही एक व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा बिहार से 2 शातिरों अखिलेश और अशोक को गिरफ्तार करके कुल्लू लाया गया है। दोनों पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। अब बंजार की एक और महिला के बैंक खाते से 32 लाख रुपए उड़ाए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि लॉटरी आदि के झांसे में न आएं। कई बार शातिर फर्जी कॉल्स या फर्जी संदेश के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसी फोन कॉल्स और संदेश नजरअंदाज करें। यह बात भी जहन में रखनी चाहिए कि जब हमने कहीं से कोई लॉटरी का टिकट खरीदा ही नहीं तो लॉटरी कहां से लगेगी। जब विदेश से हमें कोई गिफ्ट आदि भेजने वाला ही नहीं है तो विदेश से हमें कोई महंगा गिफ्ट क्यों आएगा। डी.एस.पी. हैडक्वार्टर आशीष शर्मा ने कहा कि बेहतरी इसी में है कि ऐसी फर्जी कॉल्स व संदेश नजरअंदाज ही करें।

Vijay