हिमाचल का बढ़ा मान, सेना में लैफ्टिनैंट व असिस्टैंट कमांडैंट बने कांगड़ा के 3 होनहार

Sunday, Dec 13, 2020 - 08:40 PM (IST)

कांगड़ा (ब्यूराे): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत आते 3 अलग-अलग गांवों के 3 होनहार युवा सेना में लैफ्टिनैंट व असिस्टैंट कमांडैंट बन गए हैं। जानकारी के अनुसार पलेरा के नागविंद्र सिंह रंधावा भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बने हैं। नागविंद्र सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा से की है। वर्ष 2016 में उन्होंने एनडीए की परीक्षा उत्तीर्ण की। नागविंद्र सिंह के पिता जेएस रंधावा पेशे से वकील हैं जबकि माता जसवीर कौर गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि 3 वर्ष तक एनडीए (खडकवासला) में बेसिक ट्रेनिंग लेने के बाद 30 नवम्बर, 2019 को नागविंद्र पासआऊट हुआ था। इसके बाद इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून में एक वर्ष का प्रशिक्षण लेने के बाद दिसम्बर 2020 में पासआऊट हुआ। नागविंद्र अब सियाचिन में सेवाएं देगा। नागविंद्र सिंह के पिता भी सीआरपीएफ  से बतौर डीएसपी रिटायर हुए हैं।

कैहरियां का अभिनव बना लैफ्टिनैंट

वहीं उपमंडल ज्वाली के अंतर्गत कैहरियां गांव के अभिनव कुटलैहडिय़ा का चयन भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट के पद पर हुआ। अभिनव कुटलैहडिय़ा ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट के पद की शपथ आईएमए देहरादून में ली। अभिनव ने अपनी पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल बैंगलुरु में की। अभिनव 2018 में सीडीएस परीक्षा से आईएमए देहरादून में शामिल हुए। उन्होंने12 दिसम्बर 2020 को दीक्षांत परेड में शपथ ग्रहण की। अभिनव के पिता राकेश कुटलैहडिया बैंगलुरु में आर्मी में सूबेदार मेजर के पद देश की सेवा कर रहे हैं। अभिनव के भाई आयुष कुटलैहडिय़ा सेना में ही टैक्निकल इंजीनियर की ट्रेनिंग ले रहे हैं तथा माता माला कुटलैहडिय़ा गृिहणी हैं। अभिनव के दादा सेवानिवृत्त सूबेदार मुंशी राम भी सेना में रह कर देश की सेवा कर चुके हैं। बचपन से ही अपने दादा व पिता को सेना की वर्दी में देख कर बड़े हुए अभिनव कुटलैहडिय़ा ने बचपन से ही सेना में जाकर देश सेवा का मन बना लिया था। अभिनव ने बताया कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों व गुरुजनों को ही देते हैं। वहीं अभिनव कुटलैहडिय़ा के दादा सूबेदार मुंशी राम व दादी ईश्वरी देवी को अपने पौते की इस उपलब्धि पर नाज है।

खुंडिया के अमित बने असिस्टैंट कमांडैंट

उधर, ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खुंडिया तहसील के गांव पटरेली डाकघर बग्गी के निवासी अमित शर्मा (38) पुत्र सूबेदार मेजर जगन्नाथ शर्मा असम राइफल्स में असिस्टैंट कमांडैंट नियुक्त हुए हैं। बताते चलें कि अमित शर्मा ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी गया से 12 दिसम्बर को पासआऊट हुए हैं। वहीं उनकी इस नियुक्ति के उपरांत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। अमित शर्मा के पिता जगन्नाथ शर्मा व माता शीला देवी ने बताया कि वह अपने बेटे की इस कामयाबी से बहुत गौरवपूर्ण महसूस कर रहे हैं।

Vijay