पहाड़ी पर भू-स्खलन से 3 मंजिला मकान को नुक्सान, 6 गाड़ियां मलबे में दबीं (Watch Pics)

Tuesday, Sep 25, 2018 - 06:14 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले नागचला में बीती रात भू-स्खलन के कारण लाखों का नुक्सान हो गया है। पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण एक तीन मंजिला मकान को भारी नुक्सान पहुंचा है जबकि मलबे की चपेट में आने से 6 गाड़ियां दब गई हैं।

जहां यह हादसा हुआ वहां वर्कशॉप और रिहायशी मकान दोनों हैं। प्रभावित नरेंद्र सिंह राजा ने बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला शुरू हुआ। धीरे-धीरे यह क्रम बढ़ता गया और बाद में पहाड़ी से भारी मलबा उसके मकान पर आ गिरा।

मलबे के साथ आए बड़े-बड़े पत्थरों ने घर की दीवारें तोड़ दीं और घर के अंदर पहुंच गए। इस कारण पूरे परिवार ने डर के साये में रात बिताई। घर की निचली मंजिल पर वर्कशॉप है और ऊपरी मंजिल में परिवार खुद रहता है।

यहां कुछ गाड़ियां खड़ी की गईं थीं जोकि मलबे की चपेट में आ गई हैं और मलबे के नीचे दब गई हैं। प्रभावित ने सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए पहाड़ी से हो रहे भू-स्खलन को रोकने के लिए डंगा लगाने की गुहार लगाई है।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर नुक्सान का आकलन करके आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। बता दें कि मंडी जिला में 3 दिनों तक हुई भारी बारिश के कारण अभी तक 5 करोड़ 37 लाख के नुक्सान का आकलन किया गया है। जिला भर में 10 घर और 10 गऊशालाओं सहित एक शौचालय ढह गया है। जिला प्रशासन ने इनकी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेज दी है।

Vijay