बस्ती में विभिन्न प्रजातियों के 22 सांप, 2 तोते व वन्य जीवों के जीवांश बरामद, 3 लाेग गिरफ्तार

Wednesday, Aug 25, 2021 - 07:28 PM (IST)

नालागढ़ (ब्यूरो): वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की गुप्त सूचना के आधार पर वन मंडल तथा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रीतनगर में एक समुदाय विशेष की बस्ती में दबिश दी गई। टीम द्वारा मौके पर विभिन्न प्रजातियों के 22 सांप, 2 तोते तथा अनेक वन्य जीवों के जीवांश बरामद किए हैं। बरामद किए गए सांपों में स्पैक्टल्ड कोबरा, इंडियन रैटल स्नेक, कॉमन इंडियन क्रेट, इंडियन वुल्फ स्नेक तथा चेकर्ड कील बैक वाटर स्नेक शामिल हैं। इसके अलावा हत्था जोड़ी, तेंदुए के नाखून, सांभर के सींग, गोह के पंजे, सांप का सिर, गीदड़ सिंगी तथा सीपियां इत्यादि जीवांश बरामद हुए हैं।

उप अरण्यपाल यशुदीप सिंह ने बताया कि वन्य जीव संरक्षण कानून 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत 3 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है तथा इनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अपराध में वन्य जीव संरक्षण कानून की धारा 51 के तहत 3 से 7 साल की सजा का प्रावधान है। इस मौके पर अतिरिक्त थाना प्रभारी बाबू राम और वन खंड अधिकारी मानपुरा प्रेम चंद सहित पुलिस तथा वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Content Writer

Vijay