3 विधायक होने के बावजूद बिलासपुर को नहीं मिला मंत्रिमंडल में स्थान

Thursday, Dec 28, 2017 - 11:45 AM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर जिला को मंत्रिमंडल में स्थान न मिलने से जिला के लोगों में मायूसी छा गई है। हालांकि चुनावी बेला में बिलासपुर को मुख्यमंत्री मिलने के नाम पर लोगों से वोट लिए गए थे तथा लोगों को आशा थी कि जगत प्रकाश नड्डा मुख्यमंत्री बन सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 4 विधानसभा क्षेत्रों वाले इस जिला से 3 विधायक भाजपा के चुने गए हैं। समझा जा रहा है कि तीनों नए लोग होने के कारण ही जिला को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला होगा। वहीं नयनादेवी से रणधीर शर्मा की हार के कारण जिला मंत्रिमंडल से वंचित हो गया। हालांकि जिला को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व न मिलने पर कोई भी भाजपा नेता खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। 


कांग्रेस के जिला प्रवक्ता पवन कौशल ने बताया कि भाजपा ने जिला के हितों को दरकिनार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावी बेला में बिलासपुर से मुख्यमंत्री बनने के नाम पर लोगों से वोट मांगे थे। जिला के लोगों ने भाजपा की इस झूठ की राजनीति पर विश्वास करते हुए 3 लोगों को विधानसभा पहुंचाया लेकिन इसके बावजूद मंत्रिमंडल में जिला को स्थान देना भाजपा ने गवारा नहीं समझा। वहीं जिला भाजपा महामंत्री भीम चंदेल ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। भाजपा आलाकमान ने जो निर्णय लिया है, वह उचित है। उन्होंने तर्क दिया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को 3 मंत्री मिले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आलाकमान समय आने पर इस बारे कोई उचित निर्णय लेगा।