2 अलग-अलग सड़क हादसों में महिला सहित 3 घायल

Sunday, Oct 14, 2018 - 03:55 PM (IST)

नादौन: हमीरपुर जिला के अंतर्गत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 3 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पहले मामले में नादौन ब्यास पुल पर शादी से लौट रही कार की ट्रैक्टर से टक्कर होने से कार में सवार 2 युवक बुरी तरह से घायल हो गए। दंगड़ी नादौन के उक्त युवक ज्वालामुखी से शादी समारोह में शरीक होने के उपरांत वापस घर लौट रहे थे कि ब्यास पुल पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी कार की टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक बुरी तरह से घायल हुए। घायल युवकों को नादौन अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें गंभीर अवस्था में टी.एम.सी. रैफर किया गया है।  एस.पी. हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने बताया कि दुर्घटनास्थल ज्वालामुखी क्षेत्र के तहत होने पर मामला ज्वालामुखी पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टिक्कर ब्राह्मणा में कार की चपेट में आई महिला
दूसरे मामले में ऊना-हमीरपुर सुपर हाईवे मैहरे के समीप टिक्कर ब्राह्मणा में एक वाहन की चपेट में आने से महिला के घायल हो गई। जानकारी के अनुसार सुषमा देवी पत्नी मनोज कुमार गांव टिक्कर ब्राह्मणा शुक्रवार सायं साढ़े 7 बजे बुम्बलू की तरफ  जा रही थी कि अचानक मैहरे की तरफ  से आ रही कार (एच.पी.01ए-2712) ने उक्त महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस दौरान चालक कार लेकर मौके से फ रार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस थाना बड़सर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की सहायता से उक्त महिला को बड़सर अस्पताल पहुंचाया। डी.एस.पी. जसवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि घायल महिला का मैडीकल करवाया है तथा फरार वाहन चालक के विरुद्ध धारा 279, 337 आई.पी.सी. व 187 एम.बी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay