हिमाचल की 3 हैंडबाल खिलाड़ी एशियन गेम्स में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

Wednesday, Aug 08, 2018 - 09:21 PM (IST)

बिलासपुर: खेलों के इतिहास में एक नया रिकार्ड स्थापित करते हुए पहली बार एक ही खेल में हिमाचल की 3 महिला खिलाड़ी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह इतिहास रचा है हिमाचल की हैंडबाल खिलाड़ी निधि शर्मा, दीक्षा ठाकुर व प्रियंका ठाकुर ने। इन तीनों हैंडबाल खिलाडिय़ों का चयन एशियन गेम्स में जाने वाली भारतीय महिला हैंडबाल टीम में हुआ है। तीनों चयनित मेधावी खिलाड़ी बिलासपुर जिला की मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी में लंबे समय से हैंडबाल प्रशिक्षण ले रही हैं। निधि जिला सोलन तथा दीक्षा व प्रियंका बिलासपुर जिला से हैं।

2 माह के प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुआ चयन
हिमाचल प्रदेश हैंडबाल संघ के महासचिव नंद किशोर शर्मा और सी.ई.ओ. डा. प्रवेश मौंटी ने बताया कि पिछले वर्ष हुई वरिष्ठ राष्ट्रीय महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में किए गए बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर भारतीय महिला टीम के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश की 6 लड़कियों का चयन हुआ था। 2 माह तक यह प्रशिक्षण शिविर चला, जिसमें से भारत की बेहतरीन महिला हैंडबाल टीम चुनी गई, जिसमें हिमाचल की निधि, दीक्षा व प्रियंका अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर शामिल हुईं। दूरभाष पर हुई बातचीत में इन तीनों हैंडबाल खिलाडिय़ों ने अपनी इस सफलता का श्रेय हैंडबाल प्रशिक्षिका तथा पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी स्नेहलता को दिया।

Vijay