Snowfall: पांगी घाटी में 3 फुट हिमपात, दुनिया से कटा संपर्क, घरों में कैद हुए 25 हजार लोग
punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2025 - 06:14 PM (IST)

चम्बा (काकू): जिला चम्बा की पांगी घाटी में 2 से 3 फुट तक ताजा हिमपात हुआ है। इससे पांगी घाटी का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। इसके चलते 19 पंचायतों की 25000 से अधिक आबादी घाटी में ही कैद होकर रह गई है। भारी हिमपात के बाद क्षेत्र में सभी सड़कें यातायात के लिए अवरूद्ध हो गई हैं। इसके अलावा बिजली भी गुल है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार से क्षेत्र में बारिश व बर्फबारी हो रही है। यह क्रम वीरवार दिनभर जारी रहा। लगातार बर्फ के फाहे गिरने से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। राहत की बात यह है कि अब तक घाटी में किसी तरह के जानमाल के नुक्सान की सूचना नहीं है, लेकिन भारी हिमपात के कारण पूरा क्षेत्र अलग-थलग पड़ गया है और अगले कुछ दिनों तक व्यवस्थाएं बहाल होने की संभावना कम है। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र भरमौर समेत सलूणी व चुराह के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ है। कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
भरमौर की मणिमहेश सहित सभी ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात
इसके अलावा भरमौर की मणिमहेश सहित सभी ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हुआ है। वहीं सलूणी व चुराह क्षेत्र के ऊंचे स्थानों पर भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। जबकि जिला मुख्यालय चम्बा समेत बनीखेत, डल्हौजी, भटियात में जमकर बारिश हुई है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम खराब रहेगा और बारिश तथा बर्फबारी होने के आसार हैं। डीसी मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिला भर में अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि पांगी घाटी में सबसे ज्यादा हिमपात हुआ है, लेकिन किसी तरह के जानमाल के नुक्सान की सूचना नहीं है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि खराब मौसम में एहतियात बरतें।
154 ट्रांसफार्मर ठप्प
बर्फबारी के कारण पूरे जिले में 154 ट्रांसफार्मर ठप्प हो गए हैं। इससे सैकड़ों गांवों में बिजली गुल हो गई है। अकेले पांगी में ही 78 ट्रांसफार्मर बंद हैं। पूरा इलाका अंधेरे की आगोश में है। वहीं सलूणी में 33, चम्बा में 21, तीसा में 18, भटियात में 3 और डल्हौजी में एक ट्रांसफार्मर बंद है। सूचना मिलने पर बिजली बोर्ड के कर्मचारी लाइनों को ठीक करने में जुटे रहे, लेकिन जगह-जगह खंभे गिरने व लाइनें क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बिजली बोर्ड के एसई राजीव कुमार ने बताया कि मौसम साफ होते ही सभी ट्रांसफार्मर को चालू कर दिया जाएगा।
39 सड़कें भी यातायात के लिए अवरुद्ध
भारी बर्फबारी के चलते 39 सड़कें भी यातायात के लिए अवरूद्ध हो गई हैं। इसमें पांगी में सर्वाधिक 35 सड़कें बंद है। घाटी के अधिक संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और घाटी का जिला मुख्यालय समेत अन्य सभी क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। इसी तरह भरमौर व तीसा में भी 2-2 सड़कें बंद है। वाहनों की आवाजाही ठप्प रहने से क्षेत्रवासियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ रहा है।
3 घंटे बंद रहा चम्बा-चुवाड़ी-जोत मार्ग
चम्बा-चुवाड़ी वाया जोत मार्ग करीब 3 घंटे यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। तेज बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से काफी मात्रा में मलबा सड़क आ गया था। इससे मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। लम्बी दूरी की बसें भी तय समय पर अपने रूट तक नहीं पहुंच पाईं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी व मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि जोत में बर्फ गिरने से इस मार्ग पर वाहनों को ले जाना जोखिमभरा हो गया है।
57 पेयजल योजनाएं प्रभावित, गहराया पेयजल संकट
बर्फबारी के चलते जिले में 57 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसमें जनजातीय क्षेत्र भरमौर में 40 योजनाएं बाधित हैं। इसके अलावा तीसा में 11 और चम्बा में 6 योजनाएं बंद हुई है। इससे पेयजल संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर प्राकृतिक पेयजल स्त्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। कुछ क्षेत्रों में तो लोग बर्फ पिघलाकर गुजारा कर रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here