चम्बा में कोरोना का कहर, 24 घंटे में 3 और कोरोना संक्रमितों की मौत

Saturday, May 15, 2021 - 05:40 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले में पछले 24 घंटे में कोरोना से 3 और लोगों की मौत हो गई है। इसमें दो महिलाएं शामिल हैं। दोनों महिलाओं ने कोविड अस्पताल चम्बा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि व्यक्ति की होम आइसोलेशन में मौत हो गई है। इन तीन मौतों के बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 87 पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार भटियात क्षेत्र के बनेट गांव की 53 वर्षीय महिला को 13 मई को कोविड अस्पताल चम्बा लाया गया। यहां पर महिला का उपचार चल रहा था लेकिन 14 मई को रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर महिला ने दम तोड़ दिया। महिला निमोनिया से भी ग्रसित थी।

इसके अलावा ककीरा क्षेत्र के कालूगंज की 67 वर्षीय महिला 14 मई को रैपिड एंटीजन टैस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। उसकी तबीयत खराब हो रही थी। इसके चलते कोविड अस्पताल चम्बा रैफर किया गया। यहां पर उपचार के दौरान शाम करीब 7 बजकर 10 मिनट पर उसकी मौत हो गई। महिला ने कोरोना वैक्सीन की एक डोज लगवाई थी। यह डोज 28 मई को लगवाई थी। उधर, अठलुईं पंचायत के सलोली गांव में 46 वर्षीय व्यक्ति की होम आइसोलेशन में ही मौत हो गई है। उक्त व्यक्ति 13 मई को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद उसे होम आइसोलेट किया गया था।

जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर उसे कोविड अस्पताल चम्बा शिफ्ट होने की सलाह दी, लेकिन उसने कोविड अस्पताल में दाखिल होने से मना कर दिया। शनिवार को सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर उसकी घर पर ही मौत हो गई। व्यक्ति निमोनिया व किडनी की बीमारी से भी पीड़ित था। उसने अब तक कोरोना वैक्सीन की एक डोज भी नहीं लगवाई थी। सीएमओ डॉ. कपिल शर्मा ने कोरोना संक्रमण से 3 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोविड नियमों का पालन करें व स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

Content Writer

Vijay