दंपति पर जानलेवा हमले के मामले में 3 गिरफ्तार, 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी

punjabkesari.in Thursday, Aug 26, 2021 - 08:23 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप/ब्यूरो): जिला मुख्यालय कुल्लू के समीप छुरड़ू में बुधवार देर शाम हुए जानलेवा हमले की वारदात में पुलिस ने वीरवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे 2 आरोपियों की पुलिस को अभी तलाश है। इस वारदात को लेकर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 307, आर्म्स एक्ट की धारा 25 और एससीएसटी एक्ट की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया हुआ है। उधर, वारदात का शिकार हुए दंपति परस राम और उसकी पत्नी यूम देवी का नेरचौक मेडिकल काॅलेज में उपचार चल रहा है। इस वारदात से इलाके में दहशत का आलम बना हुआ है।

पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार वीरवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजकुमार निवासी चनाऊगी कुल्लू, चंद्र किरण उर्फ गौरव निवासी पूईद कुल्लू और विजय कुमार निवासी ब्राधा न्यूली कुल्लू शामिल हैं। वहीं हमले का मुख्य आरोपी भाजपा सह मीडिया प्रभारी खीमी राम और उसका अन्य साथी अभी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को कल कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस घटना स्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की एएसपी सागर चंद्र कर रहे हैं।

खीमी राम नहीं हैं सह मीडिया प्रभारी : भीमसेन 

भाजपा के जिला कुल्लू अध्यक्ष भीमसेन ने कहा कि खीमी राम भाजपा के सह मीडिया प्रभारी नहीं हैं। पहले वे इस ओहदे पर थे लेकिन बीच में कुछ पदाधिकारियों के ओहदों को बदला गया था। कुछ लोगों को नए ओहदे भी दिए गए थे। उसी दौरान खीमी राम को इस ओहदे से हटाया गया था।

पुलिस को दिया है अल्टीमेटम : राजीव किमटा

कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजीव किमटा ने कहा कि हमने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है। पुलिस ने आज ही 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अब देखते हैं फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारियां कब तक होती हैं। उसके बाद ही आगामी रणनीति बनाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News