मंडी में 28 को पन्ना प्रमुख सम्मेलन में द्रंग से जाएंगे 2600 कार्यकर्ता

Tuesday, Nov 13, 2018 - 04:41 PM (IST)

मंडी (नीरज): 28 नवंबर को मंडी में होने जा रहे हिमाचल भाजपा के पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा के सभी मंडलों ने कमर कस ली है। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले प्रत्येक मंडल से इसमें हजारों की संख्या में पन्ना प्रमुख और अन्य पदाधिकारी शामिल होने मंडी आएंगें। द्रंग मंडल से 2600 पन्ना प्रमुख और पदाधिकारियों को इस सम्मेलन में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बात की जानकारी द्रंग से भाजपा के विधायक जवाहर ठाकुर ने दी।

मंगलवार को उन्होंने पंडोह विश्राम गृह में मंडल की मासिक बैठक में भाग लिया और पन्ना प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बैठक के बाद जानकारी देते हुए जवाहर ठाकुर ने बताया कि प्रदेश का पहला पन्ना प्रमुख सम्मेलन 28 नवंबर को मंडी में होगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में 35 हजार पन्ना प्रमुख और पार्टी पदाधिकारियों के आने की संभावना जताई जा रही है जिसमें 2600 लोग द्रंग मंडल भाजपा के इसमें शामिल होंगे।

जवाहर ठाकुर ने बताया कि यह सम्मेलन एक ऐतिहासिक सम्मेलन होगा जिसमें बड़ी संख्या में पन्ना प्रमुख और पार्टी पदाधिकारी एक साथ भाग लेंगें। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने पोलिंग बूथ के पन्ना प्रमुखों को सम्मेलन में लाने और ले जाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद जवाहर ठाकुर ने विश्राम गृह में जनसमस्याएं भी सुनी और उनका निपटारा भी किया।
 

kirti