हाई स्कूलों में मुख्याध्यापकों के 25% पद खाली, रुकी Promotion

Friday, Feb 22, 2019 - 11:23 AM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ ने राज्य के विभिन्न हाई स्कूलों में मुख्याध्यापकों के 25 प्रतिशत पद खाली होने पर चिंता व्यक्त की है। इस संदर्भ में हमीरपुर से प्रदेश कोर कमेटी के अध्यक्ष केवल ठाकुर एवं प्रदेश महासचिव यशवीर जमवाल ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 832 उच्च विद्यालयों में मुख्याध्यापकों के 200 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं। इन पदों पर पदोन्नति न होने के कारण पदोन्नत प्रवक्ता सहित टी.जी.टी. कैडर से जुड़े 24,000 अध्यापकों में गहरा रोष है, क्योंकि विभागीय लेटलतीफी के कारण 25 वर्ष तक विभाग में टी.जी.टी. के पद पर सेवाएं देने के बावजूद आज शिक्षक समाज के एक बड़े वर्ग को अपने संपूर्ण अध्यापन काल में बिना किसी पदोन्नति से इस विभाग को मजबूरन अलविदा कहना पड़ रहा है। अगर विभागीय आंकड़ों की बात की जाए तो 1994 के टी.जी.टी. की पदोन्नति मुख्याध्यापक के रूप में होनी है।

अधिकांश मुख्य अध्यापकों के पास आहरण एवं वितरण शक्तियां होने के कारण जहां राज्य सरकार द्वारा इन विद्यालयों में चलाई जा रहीं विभिन्न छात्र कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में समस्या आ रही है। वहीं छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इस मौके पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिमन शर्मा, प्रधान जिला बिलासपुर संजीव शर्मा, प्रधान कांगड़ा प्रदीप धीमान, प्रधान मंडी कमल किशोर, प्रधान जिला कुल्लू मनोज शर्मा, प्रधान चम्बा कलित पुरी, प्रधान ऊना मोहन लाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास धीमान, महासचिव बिलासपुर प्रवीण चंदेल, महासचिव हमीरपुर रवि दास, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला हमीरपुर संदीप डढवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीतम कौशल, विनोद शर्मा, अनिल धीमान, जिला मीडिया प्रभारी दलजीत चौहान, कोषाध्यक्ष अजय नंदा व अरविंद जगोता ने मांग की है कि इन खाली पदों को अतिशीघ्र भरा जाए ताकि आगामी सत्र की शुरूआत इन विद्यालयों में सुचारू रूप से की जा सके। इस मांग के संदर्भ में संघ के प्रदेशाध्यक्ष रत्नेश्वर सलारिया का कहना था कि उनका संघ शीघ्र ही अपनी इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से मिलेगा।

 

Ekta