24 को मानसून सत्र पर लगेगी मोहर, बैठक में लिए जा सकते हैं अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

Saturday, Jul 21, 2018 - 09:46 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की 24 जुलाई को प्रस्तावित बैठक विधानसभा के मानसून सत्र को बुलाए जाने पर मोहर लग सकती है। विधानसभा के मानसून सत्र को 20 अगस्त से बुलाए जाने की संभावना है, क्योंकि 17 से 19 अगस्त तक नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनी है। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए मंत्रिमंडल की तरफ से 20 अगस्त से सत्र को बुलाए जाने पर मोहर लग सकती है। सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण संशोधन भी आने हैं, जिस पर बैठक में चर्चा हो सकती है। मंत्रिमंडल बैठक में खाली पदों को भरने के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। इसमें केंद्र प्रायोजित योजनाओं और प्रदेश सरकार की तरफ से की गई घोषणाओं पर चर्चा हो सकती।


सरकार बजट में की गई कुछ घोषणाओं पर बैठक में स्वीकृति की मोहर लगा सकती है। इसके अलावा सभी विभागों को एजैंडा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह मानसून के आगमन के बाद प्रदेश में इससे हुए नुक्सान और इसकी भरपाई के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया है लेकिन इसके फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इसके लिए प्रदेश सरकार की तरफ से पहले ही जिलाधीशोंं एवं स्वयंसेवी संगठनों को सक्रिय रहने को कहा गया है। प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं भी इस दौरान सामने आती रही हैं, जिसके लिए अतिरिक्त एहतियात बरतने को कहा गया और मंत्रिमंडल में इसकी समीक्षा हो सकती है।


हाईड्रो पावर को लेकर सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 21 जुलाई को पर्यटन निगम के होटल पीटर हॉफ में हाईड्रो पावर को लेकर आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे। इसमें पावर प्रोजैक्टों को शीघ्र संचालित करने सहित निवेशकों की समस्याओं को लेकर चर्चा होने की संभावना है। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा भी इस आयोजन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगे तथा कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद देर शाम तक शिमला पहुंचेंगे।

Ekta