24 घंटे में 192 KM दौड़ा हिमाचली गबरू, अब आयरलैंड में चमकाएगा नाम

Wednesday, Aug 02, 2017 - 06:53 PM (IST)

नाहन: सिरमौर के नाहन जिला में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे पढ़ कर आप हैरान रह जाएंगे। क्या कोई 24 घंटे तक दौड़ सकता है? जी हां, ऐसा ही कुछ 35 साल के सुनील शर्मा ने कर दिखाया है। सुनील ने 24 घंटे में 192 किलोमीटर दौड़ लगाई है। 31 जुलाई को बैंगलूरू में हुए इस रेस में देश के चुनिंदा धावकों ने हिस्सा लिया। इनमें नाहन के सुनील ने भी हिस्सा लिया। सुनील ने दावा किया है कि उन्होंने 24 घंटे में 192 किलोमीटर दौड़कर लगाकर एक कीर्तिमान बनाया है। बताया जाता है कि दौड़ को 48 ,24, व 12 घंटे में विभाजित किया गया था। सुनील ने 24 घंटे की दौड़ में हिस्सा लिया और रिकॉर्ड बनाते हुए 24 घंटे में 192 किलोमीटर स्टेडियम दौड़ लगाई। इस वर्ग में 46 धावक शामिल थे। सुनील ने बताया कि इससे पहले यह रिकॉर्ड पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टर अमित चौधरी के नाम था, जिन्होंने 24 घंटे में 188 किलोमीटर की दौड़ लगाई थी। 


कारगिल में दौड़ चुके हैं सुनील
बैंगलूरू में दौड़ के दौरान सुनील को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। खासकर, धूप से परेशानी हुई। सुनील ने बताया कि वह किसानों की खुदकुशी को लेकर कारगिल में माइन्स 8 डिग्री में दौड़ चुके हैं। इस दौड़ के लिए उन्हें देश और प्रदेश के लोगों का पूरा सहियोग मिला। यह दौड़ किसानों के लिए समर्पित थी।


नाहन लौटने पर लोगों ने ऐसे किया स्वागत
24 घंटे की स्टेडियम दौड़ में कीर्तिमान स्थापित करने के बाद ग्रेट इंडिया रन फैम सुनील शर्मा गृह जिला सिरमौर पहुंच गए हैं। यहां युवाओं ने सिरमौरी बेटे का भव्य स्वागत किया। सुनील भी इस उपलब्धि से बेहद खुश है। 


आयरलैंड वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
सुनील अगले साल आयरलैंड में आयोजित होने जा रही वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई हो गया है। उसने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगा। इसके अलावा, वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले धावक सुनील की नजरें 17 अगस्त से लद्दाख में होने जा रही विश्व की सबसे कठिन अल्ट्रा मेराथन दौड़ पर है। उसका सपना है कि वह इस दौड़ में हिस्सा ले और कामयाबी हासिल करे।