24 घंटे बाद बहाल हुआ मनाली-लेह मार्ग, पहाड़ी धंसने से बढ़ी थीं दिक्कतें

Tuesday, Oct 03, 2017 - 04:27 PM (IST)

मनाली: सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग 24 घंटे बाद वाहनों के लिए बहाल हो गया है। लाहौल के मूलिंग गांव के सामने पहाड़ी धंसने से बी.आर.ओ. सहित वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ गई थीं। मार्ग में भारी-भरकम मलबा व पत्थर आने से बहाली में समय लगा। बी.आर.ओ. मार्ग बहाली में लगा हुआ था लेकिन पहाड़ी के खिसकने से मार्ग बहाल होने में 24 घंटे लग गए। हालांकि मार्ग बहाल हो गया है और वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है लेकिन मलबे के गिरने का क्रम जारी है जिससे राहगीरों सहित सैलानियों की दिक्कतें जारी हैं। 


150 से अधिक पर्यटक वाहनों के पहिए थमे
मार्ग के अवरुद्ध हो जाने से 50 के लगभग सेना के वाहन भी फंस गए थे जबकि 150 से अधिक पर्यटक वाहनों के पहिए भी थम गए थे। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने खतरे को देखते हुए मनाली से आने वाले वाहनों को गुलाबा में ही रुकवा दिया था ताकि कोई अनहोनी न हो सके। डी.सी. लाहौल-स्पीति देवा सिंह नेगी ने बताया कि सड़क बहाल हो गई है तथा वाहनों की आवाजाही भी सुचारू हो गई है। उन्होंने वाहन चालकों व पर्यटकों से आग्रह किया है कि परिस्थितियों को देख कर ही सफर करें तथा रात को सफर करने से गुरेज करें।