ऊना में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत, बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी तमन्ना; परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 05:36 PM (IST)
Una News : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।
बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी तमन्ना
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जखेड़ा गांव की है। मृतका की पहचान तमन्ना शर्मा, पुत्री उमेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 6 जखेड़ा के रूप में हुई है। वह खालसा कॉलेज, आनंदपुर साहिब में बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी और इन दिनों छुट्टियों के कारण घर पर ही रह रही थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तमन्ना घर के बाड़े में पशुओं को चारा डालने गई थी। वहां से अपने कमरे में लौटने के कुछ ही देर बाद उसे तेज उल्टियां होने लगीं और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए।
जांच में जुटी पुलिस
क्षेत्रीय अस्पताल के डॉक्टरों ने छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है। ऊना पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

