2000 करोड़ का हो चुका है बिजली बोर्ड का घाटा और...

Wednesday, Sep 12, 2018 - 09:46 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र हेटा): राज्य विद्युत बोर्ड ने ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के लिए लगभग 30 लाख रुपए की काले रंग की फोर्ड एंडवर कार खरीदी है। अभी ऊर्जा मंत्री जी.ए.डी. द्वारा दी गई फॉर्चूनर कार इस्तेमाल कर रहे हैं। ऊर्जा मंत्री ने बिजली बोर्ड से कार के लिए आग्रह कर रखा था। विद्युत बोर्ड के निदेशक मंडल ने भी दरियादिली दिखाते हुए पावर मिनिस्टर अनिल शर्मा के लिए फोर्ड एंडवर कार खरीदकर दे दी है। राज्य का विद्युत बोर्ड 2000 करोड़ से अधिक के घाटे में चल रहा है। 

बोर्ड का घाटा हर साल कई करोड़ों में बढ़ता जा रहा है। बोर्ड की आय के साधन सीमित हैं। इसे देखते हुए जयराम सरकार ने बिजली बोर्ड को इस बार के बजट में वित्तीय मदद प्रदान की थी लेकिन बिजली बोर्ड की ‘आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपया’ होने के बाद भी मंत्रियों के इस तरह के शाही ठाठ कई सवाल खड़े कर रहे हैं। जयराम सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी फॉर्चुनर कार की डिमांड की है जबकि हिमाचल प्रदेश पर इस वक्त 49 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्जा हो गया है। 

स्टेट की माली वित्तीय हालत के बाद भी मंत्रियों के शौकपूरा करने के लिए इतनी महंगी गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। पूर्व सरकार में भी मंत्रियों ने शपथ ग्रहण के कुछ ही दिन बाद महंगी कैमरी कारे खरीदी थीं। जाहिर है कि हिमाचल प्रदेश लगातार कर्जदार होता जा रहा है और सरकारें जिस भी दल की बनेंगी, उसके मंत्रियों का हर शौक यूं ही पूरा किया जाता रहेगा।

Ekta