JNNURM की खड़ी 200 बसों को जल्द मिलेगी हरी झंडी

Saturday, Nov 10, 2018 - 11:14 PM (IST)

शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम में लंबे अरसे से खड़ी जे.एन.एन.यू.आर.एम. की बसें जल्द सड़कों पर चलती दिखाई देंगी। बीते एक वर्ष से निगम में 325 जे.एन.एन.यू.आर.एम. की बसें खड़ी थीं, जिनमें से करीब 125 बसें विभिन्न रूटों पर रवाना हो चुकी हैं। प्रदेश के विभिन्न बस अड्डों पर खड़ी जे.एन.एन.यू.आर.एम. की बसों को चलाने के लिए रूट परमिट आड़े आ रहे थे। जैसे ही ये रूट परमिट जारी हो जाते हैं, वैसे ही बसों को प्रदेश के विभिन्न रूटों पर रवाना किया जाएगा। वर्तमान में निगम में करीब 3 हजार बसों का फ्लीट विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहा है। इन सभी रूटों पर लगातार निगम की बसें चल रही हैं, ऐसे में जे.एन.एन.यू.आर.एम. बसों के संचालन के लिए नए बस रूटों की आवश्यकता है, जिसे विभाग द्वारा जल्द जारी किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

अभी तक खड़ी हैं 12 मीटर की 122 बसें
निगम में जे.एन.एन.यू.आर.एम. की 12 मीटर करीब 122 बसें अभी तक खड़ी हैं जबकि 9 मीटर लंबी करीब 78 बसों को भी रूट परमिट मिलने का इंतजार है। जैसे ही इन बसों को रूट परमिट जारी किया जाएगा, ये बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ाई जाएंगी।

मैदानी क्षेत्रों में चलाई जाएंगी बसें
निगम की 12 मीटर लंबी बसों को मैदानी क्षेत्रों में चलाने के लिए रूट परमिट की परिवहन विभाग से डिमांड की गई है। इन बसों के लंबा होने के चलते पहाड़ी क्षेत्र की सड़कें इनके लिए अनुकूल नहीं हैं। शिमला में भी इन बसों के संचालन से कई बार जाम लगता रहा है, ऐसे में इन बसों को मैदानी क्षेत्रों में चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।

Vijay