20 सालों के बाद व्यापार मंडल मंडी को मिला नया अध्यक्ष (Watch Video)

Monday, Apr 30, 2018 - 01:46 PM (IST)

मंडी (नीरज): 20 सालों के बाद व्यापार मंडल मंडी को नया अध्यक्ष मिला है। 1998 के बाद आज हुए चुनावों में मौजूदा महासचिव राजेश महेंद्रु को व्यापार मंडल मंडी का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं प्रशांत बहल को महासचिव पद के लिए चुना गया। व्यापारियों के भारी दबाव के चलते रविवार को व्यापार मंडल मंडी के 20 वर्षों बाद चुनाव हो सके। चार व्यापारी अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर मैदान में थे। 1122 व्यापारियों में से प्रधान पद के लिए 907 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसमें तीन वोट रद्द पाए गए जबकि राजेश महेंद्रु को 482, तिलक राज शर्मा को 291, सुधीर कपूर को 120 और लक्ष्मेंद्र गुलेरिया को 12 मत मिले। 


महासचिव पद के लिए सिर्फ दो लोगों में मुकाबला हुआ जिसमें प्रशांत बहल को 552 और अशोक शर्मा को 352 मत प्राप्त हुए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश महेंद्रु और महासचिव प्रशांत बहल ने उन्हें मिले सहयोग के लिए सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि सभी व्यापारियों को साथ लेकर काम किया जाएगा। वहीं 20 वर्षों से अध्यक्ष पद की कुर्सी पर बैठे पूर्व अध्यक्ष अशोक कपूर ने कहा कि जो लोग व्यापार मंडल पर काम न करने का आरोप लगा रहे थे यह उनके लिए एक तमाचा है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल पहले भी पूरी तरह से सक्रिय था और आगे भी सक्रिय रहेगा।

 

Ekta