सड़क पर बाइक से टकराई नील गाय, 2 युवक गंभीर हालत में पहुंचे अस्पताल

Thursday, Feb 13, 2020 - 06:10 PM (IST)

टाहलीवाल/ऊना (गौतम): हरोली क्षेत्र के अंतर्गत टाहलीवाल-ललड़ी मार्ग पर टाहलीवाल में बाइक सवार 2 युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार जब हरजीत कुमार व संजीव कुमार दोनों निवासी धर्मपुर औद्योगिक क्षेत्र बाथू के मिडास केयर उद्योग से रात 10 बजे अपनी ड्यूटी करके गंतव्य स्थान की ओर बाइक पर जा रहे थे तो सड़क पर अचानक नील गाय उनकी बाइक से टकरा गई, जिसके चलते दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल युवकों द्बारा इसकी सूचना कंपनी के कर्मचारियों को दी गई। कंपनी के कर्मचारियों व टाहलीवाल पुलिस ने 108 एंबुलैंस की सहायता से दोनों युवकों को हरोली अस्पताल में भर्ती कराया। हरोली अस्पताल के डॉक्टर ने एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ऊना अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी हरोली अनिल मेहता ने मामले की पुष्टि की है।

Vijay