ऊना में दिनदहाड़े सप्लाई वाहन से गैस सिलैंडर चोरी करते 2 युवक गिरफ्तार

Sunday, Oct 20, 2019 - 07:31 PM (IST)

ऊना (विशाल): शहर में दिनदहाड़े गैस एजैंसी के वाहन से गैस सिलैंडर चोरी करने का प्रयास किया गया है। बाइक पर आए 2 युवकों ने संतोषगढ़ रोड पर खड़ी गाड़ी से गैस सिलैंडर उठाया और भागने लगे। इतने में एक युवक ने उन्हें दबोचने की कोशिश की तो वे दोनों सिलैंडर और बाइक छोड़ कर स्वां की ओर फरार हो गए। शोर सुनकर लोगों ने दोनों युवकों का पीछा किया तो एक युवक को पहले पकड़ लिया गया और दूसरे को कुछ दूरी पर बाद में पकड़ा गया। दोनों को पुलिस के हवाले किया गया। घटनाक्रम में काफी लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर के समय संतोषगढ़ रोड पर गैस एजैंसी का वाहन घरों में सिलैंडर सप्लाई के दौरान खड़ा था। इतने में पंजाब के होशियारपुर के गांव हरियाणा भुंगा और हरोली के पालकवाह निवासी 2 युवक बाइक पर आए और एक सिलैंडर निकालकर बाइक पर रखते हुए फरार होने लगे। इतने में चोरी की भनक लग गई और दोनों के मंसूबे धरे के धरे रह गए। दोनों युवकों में आपसी क्या क्नैक्शन है और कहां-कहां अन्य वारदातों को अंजाम दिया गया है, इसको लेकर भी पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है। एसपी दिवाकर शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

Vijay