पांवटा साहिब में 2 महिलाओं ने दुकान से उड़ाई लाखों की ज्वैलरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Saturday, Dec 24, 2022 - 11:23 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के मुख्य बाजार में एक ज्वैलर्स की दुकान से 2 महिलाओं ने लाखों रुपए की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार में एक ज्वैलर की दुकान में 2 महिलाएं ज्वैलरी लेने के बहाने पहुंची तथा दुकान में मौजूद कर्मचारियों को ज्वैलरी दिखाने को कहा। इस दौरान महिलाओं ने एक पेंडल अंगूठी को वजन करने को कहा। जैसे ही कर्मचारी ने वजन करना शुरू किया तभी एक महिला ने ज्वैलरी के डिब्बे में से कुछ गहने निकाल कर दूसरी महिला को दे दिए और एक पेंडल खरीद कर चली गई। कुछ देर बाद जब ज्वैलर्स ने दुकान से ज्वैलरी गायब देखी तो वह घबरा गया और आसपास दोनों महिलाओं को खोजने के लिए निकल गया। लेकिन दोनों महिलाओं का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कर करवाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि एक ज्वैलरी की दुकान से ज्वैलरी चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

 


 

Content Writer

Vijay