मतदान को डल्हौजी प्रशासन तैयार, पोलिंग स्टेशनों को 2 महिला पार्टियां रवाना

Saturday, May 18, 2019 - 08:18 PM (IST)

चम्बा (शक्ति प्रसाद): चम्बा जिला के निर्वाचन क्षेत्र डल्हौजी 4 में प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। लोकसभा चुनाव में महिला कर्मचारी भी अपना पूरा सहयोग दे रही हैं। शनिवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय धीमान ने 2 महिला पार्टियों को रवाना किया। दोनों पार्टियां विधानसभा डल्हौजी 4 के बूथ नंबर 31 कुंटेड़ी और बूथ नंबर 27 डिग्री कॉलेज (एहनी) में अपनी सेवाएं देंगी।

112 पोलिंग स्टेशन में से 7 अतिसंवेदनशील बूथ

सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि डल्हौजी में कुल 112 पोलिंग स्टेशन हैं, जिनके लिए सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है और वे सभी पने-अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंच चुकी हैं। 112 पोलिंग स्टेशन में 7 अतिसंवेदनशील बूथ हैं और 8 संवेदनशील बूथ हैं जबकि बाकी के सामान्य बूथ हैं। 62 बूथों के अंतर्गत 235 दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें 30 दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर के साथ स्वयंसेवी भी तैनात किए हैं। वहीं 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 20 मतदाता हैं जोकि इस बार अपने मत का प्रयोग करेंगे।

बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

एस.डी.पी.ओ. रामकरण राणा ने बताया कि डलहौजी विधानसभा में 112 बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इनमें 7 अतिसंवेदनशील और 8 संवेदनशील हैं, यहां पर हिमाचल पुलिस के साथ राजस्थान पुलिस तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है।

Vijay