मणिमहेश यात्रा : कमल कुंड के पास मिले 2 अज्ञात शव, फैली सनसनी

Friday, Sep 01, 2017 - 09:50 PM (IST)

भरमौर: मणिमहेश के कमल कुंड के समीप 2 अज्ञात शव मिले हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार मणिमहेश यात्रा पर कैलाश परिक्रमा करते हुए वापस आते समय शिव भूमि सेवा समिति के सदस्यों ने इन शवों को देखा। हड़सर पहुंचने पर उन्होंने इसकी सूचना भरमौर प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एस.डी.एम. भरमौर बालकृष्ण चौधरी ने पुलिस तथा पर्वतारोहण संस्थान की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार टीमों ने शवों को भरमौर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।  

मौसम को ध्यान में रखकर करें यात्रा : एस.डी.एम. 
बुधवार को खराब मौसम के चलते मणिमहेश के कैलाश पर्वत पर ताजा हिमपात होने के कारण वहां के तापमान में भारी गिरावट आ गई है और यात्रा पर जा रहे लोगों से एस.डी.एम. भरमौर ने आग्रह किया है कि वे मौसम को ध्यान में रखकर यात्रा करें तथा गर्म कपड़े अपने साथ ले जाएं।