कांगड़ा-सोलन में सामने आए कोरोना के 2 संदिग्ध मरीज, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

Friday, Apr 10, 2020 - 09:22 PM (IST)

कांगड़ा/सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा और सोलन में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 2 संदिग्ध मरीज सामने आए हैं, जिन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। कांगड़ा में सामने आए संदिग्ध मरीज को जोनल अस्पताल धर्मशाला में भर्ती किया गया है। वहीं एक संदिग्ध क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हुआ है। यह व्यक्ति कुछ दिन पहले ही चंडीगढ़ से सोलन आया है। वीरवार देर रात खांसी, बुखार होने पर उसे अस्पताल में लाया गया और आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। यह व्यक्ति ड्राइवर है और 2 अप्रैल को सोलन से सब्जी लेकर टैंपो के जरिए दिल्ली गया था। इसके पश्चात यह व्यक्ति 5 अप्रैल को दिल्ली से सोलन आया था लेकिन इस व्यक्ति को कोरोना का संदेह होने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।

सोलन अस्पताल में पहले भी भर्ती है एक संदिग्ध मरीज

बता दें कि सोलन में इससे पहले भी एक व्यक्ति को वीरवार दोपहर बाद संदेह होने पर अस्पताल लाया गया था और आइसोलेशन में भर्ती किया गया था। अस्पताल में अब कोरोना वायरस के संदिग्धों की संख्या वर्तमान में दो हो गई है। चिकित्सकों की टीम दोनों ही व्यक्तियों की प्राथमिक जांच में जुटी हुई है और ब्लड व थ्रोट के नमूने लिए जा रहे हैं। ये नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही कोरोना वायरस का पता चल पाएगा।

टांडा अस्पताल में जांच के लिए पहुंचा 1 सैंपल

जिला कांगड़ा से शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में 1 सैंपल जांच के लिए पहुंचा है, जिसकीरिपोर्ट नहीं आई है। वहीं शुक्रवार को टीएमसी में भर्ती विभिन्न जिलों के 8 संदिग्ध मरीजों के सैंपल रिपोर्ट भी नैगेटिव पाई गई है। इसके अलावा जिला में 800 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार को जिला कांगड़ा का 1 ही सैंपल टांडा अस्पताल में जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Vijay