कंडा जेल से फरार 2 कैदियों का नहीं चला सुराग, इन मामलों में काट रहे थे सजा

Thursday, Nov 16, 2017 - 11:39 PM (IST)

शिमला: कंडा जेल के फरार 2 कैदियों का अभी तक कोई सुराग नहीं चल पाया है। पुलिस ने उन्हें ढूंढने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। उल्लेखनीय है कि बीते महीने शिमला से इटावा ले जाया जा रहा कैदी चलती ट्रेन से कूद गया था। यह उत्तर प्रदेश के इटावा में गायब हुआ था। झांसी निवासी विजेंद्र सिंह डकैती और हत्या के मामलों में पिछले 9 महीने से कंडा जेल में सजा काट रहा था। शिमला पुलिस टीम कैदी को यू.पी. के कोर्ट में पेश करने जा रही थी, वहीं दूसरी ओर शिमला के पुराना बस स्टैंड से भी कैदी 4 दिन पहले फरार हुआ है। 

प्रेमिका के साथ फरार हुआ कैदी
कंडा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी का किसी महिला के साथ फरार होना बताया जा रहा है। जिस महिला के साथ वह फरार हुआ है, वह उसकी प्रेमिका बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने कैदी दर्शन कुमार के खिलाफ लुकआऊट नोटिस भी जारी किया है। अब हर थाना पुलिस कैदी सहित महिला को ढूंढने के लिए छानबीन कर रही है। यह कैदी जेल की बेकरी में बनने वाले उत्पादों को शिमला में बेचता था। कैदी शिमला के पुराना बस स्टैंड के पास से फरार हुआ है। 

कैदियों को पकड़ने में पुलिस नाकाम 
दोनों कैदियों को पकड़ने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। पुलिस की तरफ  से कैदियों को ढूंढने के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। शिमला से फरार हुआ यह दर्शन कुमार नामक कैदी धारा 302 यानी मर्डर मामले में शामिल था और सजा काट रहा था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कैदी को पकड़ लिया जाएगा।