कुल्लू अस्पताल में महिला विशेषज्ञ डॉक्टरों के 2 पद खाली, नहीं मान रहे सरकार के आदेश

Wednesday, Jun 27, 2018 - 03:16 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर महिलाएं मंगलवार को कुल्लू के डी.सी. युनूस से मिलीं। यहां क्षेत्रीय अस्पताल में कई तरह की अव्यवस्थाओं के संदर्भ में अवगत करवाते हुए एक चिकित्सक पर महिला से अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। महिलाओं ने डी.सी. को बताया कि जिला कुल्लू के अलावा 3 जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने वाले कुल्लू अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों में अधिक पैसे देकर इलाज करवाना पड़ रहा है। 


उल्लेखनीय है कि  अस्पताल में पिछले 9 माह से महिला विशेषज्ञ डॉक्टरों के 2 पद खाली चल रहे हैं, जिस कारण तीनों जिलों लाहौल-स्पीति, कुल्लू व मंडी क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के साथ अन्य महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने 2 बार महिला विशेषज्ञ डाक्टरों के ऑर्डर किए परंतु महिला विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ज्वाइनिंग नहीं दी। वहीं डॉक्टरों के आगे सरकार भी बेबस नजर आ रही है और 2 बार ऑर्डर करने पर डॉक्टर सरकार का आदेश नहीं मान रहे हैं और ऊपर से महिलाओं के साथ चिकित्सक अभद्र व्यवहार कर रहे हैं, जो सही नहीं है। 


डॉक्टरों को नहीं करना चाहिए बुरा बर्ताव 
इन महिलाओं ने कहा कि डॉक्टरों को सभी लोग भगवान मानते हैं। भगवान जीवन देते हैं और डाक्टर जीवन बचाते हैं। उन्होंने जिस प्रकार से महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, वह सही नहीं है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। महिलाओं ने डी.सी. से मांग की है कि संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 

Ekta