पिकअप जीप से 142 ग्राम चरस बरामद, चालक सहित 2 गिरफ्तार

Sunday, Sep 13, 2020 - 06:33 PM (IST)

बिलासपुर (प्रकाश): चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर बिलासपुर शहर के लखनपुर में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप जीप से चरस बरामद की। पुलिस ने इस मामले में जीप में सवार 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का 26 वर्षीय चिराग जैन और बिहार के मदुबनी का 25 वर्षीय प्रभाश शामिल है। दोनों आरोपियों के खिलाफ  एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार सिटी चौकी इंचार्ज चमन ठाकुर की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने वाहनों की जांच के लिए गत शनिवार शाम बिलासपुर शहर के लखनपुर में हाईवे पर नाका लगाया था। इसी दौरान अन्य वाहनों की तरह कुल्लू की ओर से आई एक पिकअप जीप को भी रोका गया। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे काले रंग के एक बैग से 142 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नशे की यह सामग्री उन्होंने कुल्लू में किसी से खरीदी थी। डीएसपी मुख्यालय संजय शर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Vijay